POTKA । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पोटका विधायक संजीव सरदार ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होकर राष्ट्रध्वज फहराया। इस दौरान उन्होंने कई खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। विधायक ने देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीरों को नमन करते हुए सामाजिक एकता, विकास और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कई स्थानों पर किया ध्वजारोहण
विधायक संजीव सरदार ने तुरामडीह स्थित आवासीय कार्यालय, किताडीह यादव क्लब, सुंदरनगर चौक, हाता चौक और हाता प्रधान कार्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। उन्होंने उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
फुटबॉल टूर्नामेंट में खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
पोटका प्रखंड के बालिजुड़ी में पीआरएमएमएस क्लब तथा डोरकासाई में जय जवान समिति की ओर से आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट में भी विधायक शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही सभी टीमों एवं खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत है कि इन प्रतिभाओं को बेहतर मंच, सुविधाएं और उचित प्रोत्साहन मिले।
स्व. रामदास सोरेन को पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि
झारखंड के पूर्व शिक्षा मंत्री एवं जनप्रिय नेता स्वर्गीय रामदास सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर विधायक संजीव सरदार ने हाता प्रधान कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। पोटका प्रखंड कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ उन्होंने स्व. रामदास सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके संघर्ष और जनसेवा को याद किया।
घोड़ाबांधा में रामदास सोरेन की प्रतिमा का लोकार्पण
जमशेदपुर के टेल्को घोड़ाबांधा में स्व. रामदास सोरेन की स्मृति में आयोजित प्रतिमा स्थापना कार्यक्रम में भी विधायक संजीव सरदार शामिल हुए। इस अवसर पर उनकी आदमकद प्रतिमा का लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम में झारखंड सरकार के मंत्री दीपक बिरुआ, घाटशिला विधायक एवं स्व. रामदास सोरेन के पुत्र सोमेश सोरेन, बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती समेत झामुमो के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
एथलेटिक्स मीट में खिलाड़ियों को किया प्रोत्साहित
सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत बांधटांड में आदिवासी कल्याण समिति की ओर से आयोजित स्व. कौशल सिंह स्मृति कप 39वीं एथलेटिक्स मीट 2026 में विधायक संजीव सरदार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। विधायक ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने के साथ उन्हें आगे बढ़ने का अवसर भी प्रदान करता है।

















