सरायकेला-खरसावां, 16 अगस्त। जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग का अभियान लगातार जारी है। उपायुक्त के निर्देश और उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में विभाग की टीम ने राजनगर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर चार अवैध चुलाई भट्ठियों को ध्वस्त किया। कार्रवाई के दौरान मौके से 7,100 किलोग्राम जावा महुआ और 140 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की गई।
उत्पाद विभाग के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर 16 अगस्त को राजनगर थाना क्षेत्र के जनबानी और हनुमतबेड़ा गांव में टीम ने विधिसम्मत तरीके से छापेमारी की। इस दौरान अवैध रूप से संचालित चार चुलाई भट्ठियों का पता चला, जिन्हें मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया।
छापेमारी के दौरान बरामद जावा महुआ और अवैध महुआ शराब को विभाग ने विधिसम्मत रूप से जब्त कर लिया। मामले में संबंधित अवैध चुलाई अड्डा संचालकों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या परिवहन से संबंधित किसी भी जानकारी की सूचना तत्काल प्रशासन अथवा उत्पाद विभाग को दें, ताकि अवैध कारोबार पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सके।
















