Jamshedpur: जुगसलाई नगर परिषद में सफाई व्यवस्था को लेकर उपाध्यक्ष अर्चना दुबे की अध्यक्षता में हुई कुछ पार्षदों की बैठक को नगर परिषद की आधिकारिक बैठक बताए जाने पर अध्यक्षा नौशीन खान ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अध्यक्ष को बिना सूचना दिए इस तरह की बैठक आयोजित करना नगर परिषद के निर्धारित नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुछ पार्षदों और कार्यपालक पदाधिकारी के बीच हुई चर्चा को नगर परिषद की आधिकारिक बैठक का दर्जा नहीं दिया जा सकता।
प्रेस विज्ञप्ति जारी कर नौशीन खान ने कहा कि उन्हें इस बैठक की कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई थी। बैठक की जानकारी उन्हें समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों के माध्यम से मिली। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं पर चर्चा करना जरूरी है, लेकिन नगर परिषद की आधिकारिक बैठक बुलाने के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन अनिवार्य है। बैठक बुलाने का अधिकार अध्यक्ष को प्राप्त है। ऐसे में उनकी जानकारी के बिना बैठक आयोजित करना नियमों के विरुद्ध है।
उन्होंने प्रकाशित खबरों में उनके बैठक में शामिल नहीं होने का उल्लेख किए जाने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने सवाल उठाया कि जब उन्हें बैठक की सूचना ही नहीं दी गई, तो उसमें शामिल नहीं होने की बात कैसे कही जा सकती है।
सफाई व्यवस्था के लिए नए टेंडर की मांग
शहर की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए नौशीन खान ने कहा कि पूर्व में क्यूब कंपनी को सफाई की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन काम में लापरवाही की शिकायतों के बाद उसका टेंडर रद्द कर दिया गया। अब नगर परिषद को नए सिरे से टेंडर जारी कर किसी योग्य एजेंसी का चयन करना चाहिए। उन्होंने आशंका जताई कि यदि पुरानी कंपनी को ही दोबारा जिम्मेदारी दी गई, तो सफाई व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हो सकेगा। उन्होंने पूरी टेंडर प्रक्रिया पारदर्शी रखने की मांग की।
गंदे पेयजल की समस्या पर जताई चिंता
पेयजल संकट को लेकर अध्यक्षा ने कहा कि जुगसलाई के कई इलाकों में लोग गंदा पानी पीने को मजबूर हैं। इस समस्या को लेकर वह लगातार संबंधित अधिकारियों को आवेदन दे रही हैं। मुख्यमंत्री और जिले के उपायुक्त को भी स्थिति से अवगत कराया गया है। उन्होंने बताया कि पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (पीएचईडी) से पानी के कार्य की जिम्मेदारी नगर परिषद ने अपने हाथों में ले ली है। ऐसे में पेयजल योजना के लिए जल्द टेंडर जारी कर किसी योग्य एजेंसी को काम सौंपा जाना चाहिए।
पार्क संचालन के लिए भी नया टेंडर जारी करने की मांग
पार्क के संचालन पर नौशीन खान ने कहा कि पूर्व में जिस एजेंसी को इसकी जिम्मेदारी दी गई थी, उसके टेंडर की अवधि समाप्त हो चुकी है। फिलहाल नगर परिषद स्वयं पार्क का प्रबंधन कर रही है। उन्होंने पार्क संचालन के लिए भी नए सिरे से टेंडर जारी करने की मांग की। उनका कहना है कि योग्य एजेंसी को जिम्मेदारी सौंपने से नगर परिषद को राजस्व प्राप्त हो सकता है, जिसका इस्तेमाल शहर के विकास कार्यों में किया जा सकेगा।
अंत में नौशीन खान ने कहा कि सफाई, पेयजल और पार्क सहित नगर परिषद के सभी कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए। टेंडर प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता या मिलीभगत बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। नगर परिषद के सभी निर्णयों में जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

















