बिना हेलमेट बाइक चला रहे लोगों को डीसी और एसएसपी ने पहनाया हेलमेट, फूलों की माला देकर किया जागरूक

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत शनिवार को जमशेदपुर में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर से साकची गोलचक्कर तक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया। इसके जरिए तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाने और यातायात नियमों की अनदेखी के गंभीर परिणामों को प्रभावशाली तरीके से प्रदर्शित किया गया। प्रतिभागियों ने संदेशों के माध्यम से लोगों से सड़क पर जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ वाहन चलाने की अपील की।

साकची गोलचक्कर पर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने बिना हेलमेट बाइक चला रहे लोगों को रोककर हेलमेट प्रदान किया। साथ ही फूलों की माला पहनाकर उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हेलमेट महज यातायात नियमों के पालन का माध्यम नहीं, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में जीवन बचाने का महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच है। चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है।

उपायुक्त और एसएसपी ने नागरिकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, यातायात संकेतों का ध्यान रखने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। थोड़ी सी सावधानी और सतर्कता से अनमोल जीवन को सुरक्षित रखा जा सकता है।

इस जागरूकता अभियान में उप विकास आयुक्त, एसडीएम धालभूम, अपर उपायुक्त, सिविल सर्जन, जिला परिवहन पदाधिकारी, डीएसपी ट्रैफिक सहित बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें