पोटका में डोमजूरी उच्च विद्यालय की चहारदीवारी विवाद सुलझा, 10 दिनों में पुनर्निर्माण का आश्वासन

SHARE:

Potka :पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड में डोमजूरी उच्च विद्यालय की चहारदीवारी तोड़े जाने को लेकर चल रहा विवाद अब सुलझ गया है। गुरुवार को जादूगोड़ा थाना परिसर में आयोजित थाना दिवस के अवसर पर अंचल अधिकारी की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें सभी पक्षों की मौजूदगी में समाधान निकाला गया।

बैठक में थाना प्रभारी, डोमजुडी की मुखिया अनीता मुर्मू, पंचायत समिति सदस्य, विद्यालय की प्रिंसिपल माधुरी कुमारी एवं ग्राम प्रधान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान विद्यालय की चहारदीवारी तोड़े जाने की घटना पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में आरोपित पक्ष—राम कमल सिंह, अरुण सिंह, बंटी सिंह और गौर सिंह—ने लिखित रूप में आश्वासन दिया कि वे 10 दिनों के भीतर विद्यालय की चहारदीवारी का पुनर्निर्माण कर देंगे। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा नहीं होने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि करीब दो सप्ताह पूर्व उक्त व्यक्तियों द्वारा विद्यालय की चहारदीवारी तोड़ दी गई थी, जिसके बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया था। इस घटना के विरोध में ग्रामीणों ने आंदोलन और प्रदर्शन भी किया था।

अब प्रशासनिक हस्तक्षेप और आपसी सहमति से विवाद का समाधान हो जाने के बाद क्षेत्र में शांति बहाल होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Comment