Jamshedpur : वीर शहीद गंगानारायण सिंह मेमोरियल सोशल वेलफेयर ट्रस्ट के तत्वावधान में रविवार को जानमडीह संस्कृति भवन में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का आयोजन जमशेदपुर ब्लड बैंक एवं प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन के सहयोग से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक संजीव सरदार, विशिष्ट अतिथि मुखिया कालिपदो सरदार एवं पंचायत समिति सदस्य रघुनाथ सरदार ने दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर में कुल 122 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का परिचय दिया।
इस अवसर पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि पोटका के ग्रामीण क्षेत्र में भीषण गर्मी के बावजूद युवाओं का उत्साह प्रेरणादायक है। उन्होंने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि वीर शहीद गंगानारायण सिंह की जयंती पर आयोजित यह शिविर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करें, ताकि किसी की भी जान रक्त की कमी से न जाए।
शिविर के सफल आयोजन में समिति के कमल कृष्ण सरदार, मनोरंजन सरदार, रतन सरदार, राजेन सरदार, मिल्स सरदार, खिरोद सरदार, गुरूपदो सरदार, मधु सरदार, कालिदास सरदार, दीपक सरदार, भोलेनाथ सरदार, सुनीता सरदार सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

















