PMAY Birsa Nagar : चाबी वितरण में देरी पर सरयू राय की पहल, मई में गृह प्रवेश का आश्वासन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur :  सरयू राय ने पीएम आवास योजना के तहत बिरसानगर के लाभुकों को आवंटित फ्लैट की चाबी नहीं मिलने के मुद्दे को लेकर राज्य सरकार के समक्ष जोरदार पहल की है। इस संबंध में उन्होंने रांची में सुदिव्य कुमार (नगर विकास एवं आवास मंत्री) और विभागीय प्रधान सचिव सुनील कुमार से मुलाकात कर लाभुकों की समस्याओं से अवगत कराया।

सरयू राय ने मंत्री को बताया कि लाभुकों द्वारा पूरी राशि जमा करने और बिजली कनेक्शन लेने के बावजूद उन्हें फ्लैट की चाबी नहीं दी जा रही है, जिससे वे मानसिक और आर्थिक परेशानी झेल रहे हैं। एक ओर वे बैंक ऋण का ब्याज चुका रहे हैं, वहीं दूसरी ओर किराए के मकान में रहने को मजबूर हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि 200 से अधिक लाभुक उनसे मिलकर अपनी समस्या रख चुके हैं और प्रशासन की ओर से चाबी वितरण की कोई स्पष्ट समयसीमा नहीं दी जा रही है। लाभुक 6 मई को शुभ मुहूर्त मानते हुए गृह प्रवेश करना चाहते हैं और इसी को लेकर उन्होंने तैयारी भी शुरू कर दी है।

सरयू राय ने कहा कि उन्होंने 4 मई को रांची आकर मुख्यमंत्री एवं संबंधित मंत्री से आग्रह करने का निर्णय लिया था, ताकि 6 मई को पूजा के बाद लाभुकों को फ्लैट में प्रवेश दिलाया जा सके। हालांकि, मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे पर होने के कारण उनसे मुलाकात नहीं हो सकी।

इस मामले पर मंत्री सुदिव्य कुमार ने आश्वासन दिया कि 6 मई को चाबी वितरण संभव नहीं हो पाएगा, लेकिन मई माह में ही किसी भी दिन लाभुकों को फ्लैट की चाबी सौंप दी जाएगी। उन्होंने कहा कि संभव है कि मुख्यमंत्री स्वयं इस कार्यक्रम में शामिल हों या फिर वे स्वयं जाकर चाबी वितरण कर गृह प्रवेश कराएं। साथ ही, इस अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित करने की भी बात कही गई है, जिसमें जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति रहेगी।

सरयू राय ने कहा कि मंत्री द्वारा दिए गए आश्वासन की जानकारी वे लाभुकों को देंगे और उनके निर्णय के अनुसार आगे की रणनीति तय करेंगे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.