मनोहरपुर में बाल अधिकार सुरक्षा मंच का धरना, शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Manoharpur : मनोहरपुर प्रखंड मुख्यालय में सोमवार को शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर जिला बाल अधिकार सुरक्षा मंच के बैनर तले एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत शिक्षकों की बहाली, विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार उनकी प्रमुख मांगें हैं। वक्ताओं ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र के स्कूलों में संसाधनों की कमी और आधारभूत सुविधाओं का अभाव बच्चों के भविष्य को प्रभावित कर रहा है।

धरना के दौरान मंच की ओर से हेमंत सोरेन के नाम एक ज्ञापन प्रखंड विकास पदाधिकारी शक्तिकुंज को सौंपा गया। ज्ञापन में स्कूलों की गुणवत्ता सुधारने, आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने और बुनियादी सुविधाओं को सुनिश्चित करने की मांग प्रमुख रूप से शामिल है।

मंच के कार्यकारिणी अध्यक्ष दिनेशचंद्र बोईपाई ने कहा कि यह आंदोलन बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने और उनके बेहतर भविष्य को सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम पहल है।

धरना-प्रदर्शन में मंच के अध्यक्ष हरिन तामसोय, मनोहरपुर प्रखंड अध्यक्ष अखिलेन्द्र कुमार नायक, आनंदपुर प्रखंड अध्यक्ष प्रभुदयाल जोजो, जिला पदाधिकारी जेपी लागुरी, कृपा कुलडी समेत आनंदपुर, गोइलकेरा, सोनुवा और गुदड़ी प्रखंडों से आए हजारों महिला-पुरुष शामिल हुए।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.