विधायक मंगल कालिंदी ने उपायुक्त से की मुलाकात,परसुडीह बाजार समिति की समस्याओं पर समाधान का उठाई मांग

Share करें

✓ Link copy हो गया!

जमशेदपुर। कृषि उत्पादन बाजार समिति द्वारा परसुडीह बाजार के ग्राउंड फ्लोर के व्यवसायियों को दुकान खाली करने का नोटिस दिए जाने के बाद बाजार के व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है। इसी मुद्दे को लेकर परसुडीह बाजार समिति के प्रतिनिधिमंडल ने जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी के साथ पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन से मुलाकात कर विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।


प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को बताया कि यदि दुकानदारों को अचानक दुकान खाली करनी पड़ी तो उनके समक्ष भरण-पोषण का गंभीर संकट उत्पन्न हो जाएगा। समिति ने मांग की कि जर्जर दुकानों की मरम्मत वैकल्पिक व्यवस्था के साथ पिलर देकर ढलाई कराई जाए, ताकि व्यापारियों का रोजगार भी प्रभावित न हो और सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।
इसके अलावा बाजार में महिलाओं के लिए अलग शौचालय की व्यवस्था, फैली गंदगी की नियमित सफाई तथा बाजार को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग भी उठाई गई।
मामले पर उपायुक्त राजीव रंजन ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए समाधान का आश्वासन दिया।


मौके पर विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि व्यवसायियों के हितों को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक उपाय निकालने को लेकर उपायुक्त से बातचीत की गई है, ताकि व्यापारियों के समक्ष रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न न हो और जर्जर भवन के कारण किसी प्रकार की दुर्घटना भी न हो।
इस दौरान ऋषि सिंह, दिलीप गुप्ता, प्रभुराम साव, बापन, श्याम गुप्ता, राणा प्रताप सिंह, राजू धर, नसीम अंसारी समेत कई व्यापारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.