Jamshedpur : जमशेदपुर के उपायुक्त राजीव रंजन ने सोमवार को मानगो में निर्माणाधीन ओवरब्रिज परियोजना का स्थल निरीक्षण कर कार्य प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, तकनीकी पहलुओं तथा निर्धारित समयसीमा के अनुरूप कार्य निष्पादन की जानकारी ली।
उपायुक्त ने संबंधित कार्यकारी एजेंसी एवं अभियंताओं से निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति, उपयोग में लाई जा रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, यातायात प्रबंधन व्यवस्था तथा सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य की गति तेज करते हुए तय समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि मानगो ओवरब्रिज शहर की यातायात व्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके पूर्ण होने से मानगो एवं आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक दबाव में उल्लेखनीय कमी आएगी और आम लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि निर्माण कार्य के दौरान आम नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो, इसके लिए प्रभावी यातायात डायवर्जन एवं सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाए। साथ ही निर्माण स्थल की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, कार्यपालक अभियंता दीपक सहाय, डीटीओ धनंजय कुमार एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।










