रांची में ऑल झारखंड ड्राइवर महासंघ के कार्यालय का उद्घाटन, 24 जिलों के पदाधिकारियों की रही उपस्थिति

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Ranchi : ट्रांसपोर्ट नगर, सुकुरहुटू में आयोजित ऑल झारखंड ड्राइवर महासंघ के कार्यालय उद्घाटन समारोह में अप्पू तिवारी शामिल हुए। इस अवसर पर एक सभा का भी आयोजन किया गया, जिसमें झारखंड के सभी 24 जिलों से महासंघ के पदाधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

देश की अर्थव्यवस्था में ड्राइवरों की अहम भूमिका : अप्पू तिवारी

सभा को संबोधित करते हुए अप्पू तिवारी ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को गति देने में ड्राइवरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके बावजूद आज भी उन्हें वह सम्मान, सुरक्षा और सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं, जिसके वे वास्तविक हकदार हैं।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चार स्तंभों की चर्चा हमेशा होती है, लेकिन देश की आर्थिक व्यवस्था को अपने परिश्रम से गतिमान रखने वाले ड्राइवरों को भी पांचवें स्तंभ के रूप में सम्मान मिलना चाहिए। किसान, मजदूर, उद्योग और व्यापार से जुड़ी गतिविधियों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने में ड्राइवरों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। परिवहन व्यवस्था ठप होने से देश की आर्थिक गतिविधियां भी प्रभावित हो जाती हैं।

ड्राइवरों के लिए सामाजिक सुरक्षा और बेहतर सुविधाओं की जरूरत

अप्पू तिवारी ने कहा कि ड्राइवरों के लिए उचित वेतन, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा, सुरक्षित कार्य वातावरण, विश्राम स्थल और सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करना आवश्यक है। दिन-रात सड़कों पर मेहनत करने वाले ड्राइवरों की सुरक्षा और उनके परिवारों का भविष्य भी समाज एवं सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने ड्राइवर समुदाय से अपने अंदर की बुराइयों और नशे की आदतों को छोड़ने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि बेहतर समाज के निर्माण के लिए आत्मअनुशासन और सकारात्मक बदलाव जरूरी है।

एकजुटता से मजबूत होगी ड्राइवरों की आवाज

उन्होंने कहा कि ड्राइवरों की एकजुटता ही उनकी समस्याओं को मजबूती से उठाने का माध्यम बन सकती है। झारखंड के 24 जिलों से आए प्रतिनिधियों की उपस्थिति इस बात का संकेत है कि ड्राइवर समाज अब अपने अधिकार, सम्मान और सुरक्षा के लिए संगठित होकर आगे बढ़ रहा है।

अंत में उन्होंने ऑल झारखंड ड्राइवर महासंघ के पदाधिकारियों को नए कार्यालय के उद्घाटन की शुभकामनाएं दीं और संगठन को मजबूत बनाने तथा ड्राइवरों के हितों के लिए निरंतर संघर्ष करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर अप्पू तिवारी ने कहा, “ड्राइवर केवल वाहन नहीं चलाता, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को चलाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ड्राइवर सुरक्षित रहेगा, तभी देश का परिवहन और आर्थिक पहिया निरंतर गतिमान रहेगा।”

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.