Jamshedpur : शहर स्थित राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (एनएमएल) का 77वां स्थापना दिवस समारोह गुरुवार को उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने वैज्ञानिकों और शोधार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि स्वदेशी तकनीक, वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार के बल पर ही भारत वैश्विक शक्ति के रूप में अपनी पहचान और मजबूत कर सकता है।
राज्यपाल ने कहा कि एनएमएल ने सात दशकों से अधिक की यात्रा में खनिज, धातु और पदार्थ विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। जमशेदपुर जैसे औद्योगिक शहर में इस प्रतिष्ठित वैज्ञानिक संस्थान की मौजूदगी पूरे झारखंड के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सेमीकंडक्टर, रक्षा उपकरण और आधुनिक उद्योगों में विशेष धातुओं एवं उन्नत सामग्रियों की मांग तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में भारत को स्वदेशी तकनीक विकसित करने और प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर उपयोग करने पर विशेष ध्यान देना होगा।
राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि ‘जय विज्ञान, जय अनुसंधान’ का मंत्र वैज्ञानिकों को नई खोज और नवाचार के लिए प्रेरित कर रहा है। देश को तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाने में वैज्ञानिक संस्थानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने युवा वैज्ञानिकों और शोधार्थियों से बड़े सपने देखने, नए विचारों के साथ अनुसंधान करने और अपनी प्रतिभा का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करने का आह्वान किया। राज्यपाल ने विश्वास जताया कि एनएमएल भविष्य में अनुसंधान, तकनीकी विकास और नवाचार के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगी। संस्थान की स्वदेशी तकनीकें देश की औद्योगिक क्षमता को बढ़ाने के साथ भारत को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में और मजबूत बनाएंगी।

















