केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलीं सांसद जोबा माझी, चक्रधरपुर–राउरकेला सड़क चौड़ीकरण व आरओबी निर्माण की मांग दोहराई

Share करें

✓ Link copy हो गया!

चक्रधरपुर: सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में नितिन गडकरी से मुलाकात कर सिंहभूम संसदीय क्षेत्र की लंबित सड़क एवं आधारभूत संरचना संबंधी मांगों को प्रमुखता से उठाया। सांसद ने क्षेत्र के विकास और आम जनता की सुविधा को देखते हुए लंबित परियोजनाओं पर शीघ्र सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया। सांसद ने एनएच-320डी के अंतर्गत चक्रधरपुर से राउरकेला तक लगभग 106 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण की मांग दोहराई। उन्होंने बताया कि यह राष्ट्रीय राजमार्ग झारखंड के चक्रधरपुर को ओडिशा के राउरकेला से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय मार्ग है। वर्तमान में कई स्थानों पर सड़क संकरी होने और तीखे मोड़ों के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। वहीं सोनुवा, गोईलकेरा, पोसैता और मनोहरपुर जैसे घनी आबादी वाले बाजार क्षेत्रों में लगातार जाम की समस्या बनी रहती है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ भारी वाहनों का आवागमन भी प्रभावित होता है। सांसद ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि जनहित और क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए एनएच-320डी का प्राथमिकता के आधार पर चौड़ीकरण कराया जाए। साथ ही सोनुवा, गोईलकेरा, पोसैता और मनोहरपुर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए फ्लाईओवर अथवा बाईपास के निर्माण को स्वीकृति दी जाए। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से टाटानगर और राउरकेला जैसे दो प्रमुख औद्योगिक शहरों के बीच संपर्क बेहतर होगा। साथ ही बीजू एक्सप्रेस-वे से बेहतर कनेक्टिविटी मिलने पर पूरे जनजातीय क्षेत्र में व्यापार, उद्योग और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। इसके अलावा सांसद ने सिंहपोखरिया–झींकपानी, झींकपानी–तालाबुरू तथा तालाबुरू–केंदपोसी रेलवे समपार फाटकों पर प्रस्तावित रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) के निर्माण का मुद्दा भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष उठाया और इन परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देने का अनुरोध किया। गौरतलब है कि सांसद जोबा माझी इससे पहले भी इन्हीं मांगों को लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर चुकी हैं। एक बार फिर इन मुद्दों को उठाए जाने से क्षेत्रवासियों को सड़क और यातायात संबंधी महत्वपूर्ण परियोजनाओं के आगे बढ़ने की उम्मीद जगी है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.