Adityapur : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला कृषि पदाधिकारी रोशन नीलकमल ने खरसावां एवं कुचाई प्रखंड क्षेत्र में संचालित विभिन्न उर्वरक दुकानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उर्वरकों की उपलब्धता, स्टॉक पंजी, विक्रय अभिलेख, पीओएस (PoS) मशीन के माध्यम से ऑनलाइन प्रविष्टि, मूल्य सूची के प्रदर्शन तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई।
निरीक्षण के क्रम में कुचाई प्रखंड की कुछ उर्वरक दुकानें बंद पाई गईं। इस पर संबंधित दुकानदारों को बिना उचित कारण दुकान बंद नहीं रखने तथा किसानों की जरूरतों को देखते हुए नियमित रूप से दुकान संचालित करने के निर्देश दिए गए।
जिला कृषि पदाधिकारी ने सभी उर्वरक विक्रेताओं को सरकार द्वारा निर्धारित सब्सिडी दर पर खाद उपलब्ध कराने, प्रत्येक बिक्री की ऑनलाइन प्रविष्टि पीओएस मशीन के माध्यम से अनिवार्य रूप से करने, निर्धारित मूल्य से अधिक राशि नहीं लेने, स्टॉक एवं विक्रय अभिलेख अद्यतन रखने तथा दुकान में स्टॉक और मूल्य सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने और किसी भी प्रकार की कृत्रिम कमी या अनियमितता नहीं होने देने पर जोर दिया।
उन्होंने चेतावनी दी कि उर्वरक वितरण से संबंधित नियमों का उल्लंघन, अनावश्यक रूप से दुकान बंद रखना अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित उर्वरक विक्रेता के विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश एवं प्रचलित नियमों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कृषि निरीक्षक मधुसूदन कुमार सिन्हा भी उपस्थित रहे।
















