मुसाबनी:- झारखंड में JPSC (झारखंड लोक सेवा आयोग) और JSSC (झारखंड कर्मचारी चयन आयोग) की परीक्षाओं में कथित पेपर लीक एवं परीक्षा अनियमितताओं के विरोध में शनिवार को मुसाबनी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा मशाल जुलूस निकाला गया। मंडल अध्यक्ष जयंत घोष के नेतृत्व में निकले इस जुलूस में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं छात्रों ने भाग लिया।
प्रदर्शनकारी हाथों में जलती मशालें लेकर मुसाबनी के विभिन्न मार्गों से गुजरे और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
जुलूस के दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए भाजपा मंडल अध्यक्ष जयंत घोष ने कहा कि JPSC और JSSC जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोप सामने आने से लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मेहनत करने वाले युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है और सरकार परीक्षा प्रणाली को निष्पक्ष बनाने में विफल रही है।
उन्होंने सरकार से पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा भविष्य में पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से परीक्षाएं आयोजित करने की मांग की। भाजपा नेताओं ने कहा कि यदि युवाओं के हितों की अनदेखी जारी रही तो पार्टी आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखेगी।
















