Jamshedpur: भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देशन में माय भारत (MY Bharat), पूर्वी सिंहभूम द्वारा गुरुवार को मानगो स्थित हिंद इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (हिंद आईटीआई) में MY Bharat पोर्टल जागरूकता एवं पंजीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सरकारी योजनाओं, कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना था।
कार्यक्रम में हिंद आईटीआई के निदेशक डॉ. मोहम्मद ताहिर हुसैन, मुख्य अतिथि एवं जिला युवा अधिकारी मोन्टू पातर तथा शिक्षक हाजी अफताब आलम उपस्थित रहे।
इस दौरान विद्यार्थियों को MY Bharat Portal के उद्देश्य, लाभ और उपयोगिता की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण भी कराया गया, ताकि अधिक से अधिक युवा विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों और स्वयंसेवी गतिविधियों से जुड़ सकें।
कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति की शपथ लेते हुए समाज को नशामुक्त बनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने युवाओं से कौशल विकास, रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि MY Bharat पोर्टल युवाओं को स्वयंसेवा, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराता है।
कार्यक्रम के अंत में हिंद आईटीआई के निदेशक डॉ. मोहम्मद ताहिर हुसैन ने जिला युवा अधिकारी मोन्टू पातर को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
















