महिला कांग्रेस के आंदोलन वापस लेने पर बोले सरयू राय, ‘यह उनका आपसी मामला,’

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने महिला कांग्रेस द्वारा उनके खिलाफ प्रस्तावित आंदोलन वापस लिए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह महिला कांग्रेस और मेयर सुधा गुप्ता के बीच का मामला है। उन्होंने कहा कि इससे उन्हें न कोई फर्क पड़ता है और न ही उनका इससे कोई लेना-देना है।

गुरुवार को जारी बयान में सरयू राय ने कहा कि मानगो नगर निगम कार्यालय के समक्ष भ्रष्टाचार विरोधी धरने के दौरान मेयर के संबंध में की गई उनकी टिप्पणी को यदि महिला कांग्रेस अभद्र मानती है, तो यह उनकी समझ और विवेक का विषय है।

उन्होंने कहा कि यदि महिला कांग्रेस आंदोलन करती तो उन्हें यह बताने का अवसर मिलता कि पिछले दो-तीन वर्षों में विभिन्न राजनीतिक नेताओं द्वारा महिलाओं की आड़ लेकर किस प्रकार की टिप्पणियां सार्वजनिक मंचों, समाचार पत्रों, सोशल मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में की गई हैं। उनके अनुसार, इससे जनता स्वयं तय कर सकती थी कि उनकी टिप्पणी अभद्र थी या उनके विरुद्ध की गई अन्य टिप्पणियां अधिक आपत्तिजनक थीं।

सरयू राय ने अपने बयान में एक पुराने वायरल वीडियो और उससे जुड़े मामले का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में बिष्टुपुर थाना में एफआईआर दर्ज हुई थी, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी जांच पूरी नहीं हो सकी और न ही एफएसएल रिपोर्ट सार्वजनिक हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार से जुड़े मामलों में जांच और अभियोजन की गति अलग-अलग मामलों में भिन्न दिखाई देती है।

विधायक ने कहा कि जो लोग उन पर अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगा रहे हैं, उन्हें पहले अपने आचरण का आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आंदोलन करना या वापस लेना महिला कांग्रेस का आंतरिक निर्णय है और इससे उनके राजनीतिक या सार्वजनिक जीवन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता।

सरयू राय के इस बयान के बाद मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, इस पूरे विवाद पर अन्य पक्षों की प्रतिक्रिया का इंतजार है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.