Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिले में स्वतंत्रता दिवस 2026 का जिला स्तरीय मुख्य समारोह इस वर्ष बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में आयोजित किया जाएगा। समारोह की तैयारियों को लेकर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने समाहरणालय सभागार में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि इस वर्ष का समारोह पूरे गरिमामय एवं भव्य स्वरूप में आयोजित किया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि 15 अगस्त को सुबह 9:05 बजे गोपाल मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। वहीं, 14 अगस्त की पूर्व संध्या पर सिद्धगोड़ा टाउन हॉल में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें जिले के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के छात्र-छात्राएं देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन और प्रेस प्रतिनिधियों के बीच जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में फ्रेंडली फुटबॉल मैच का भी आयोजन किया जाएगा।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले के सभी स्वतंत्रता सेनानियों एवं उनके परिजनों को 14 अगस्त को उनके आवास पर जाकर शॉल एवं मिष्ठान्न भेंट कर सम्मानित किया जाए। साथ ही, वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई और माल्यार्पण सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए। स्कूली बच्चों द्वारा प्रभात फेरी भी निकाली जाएगी।
बैठक में बताया गया कि स्वतंत्रता दिवस परेड का पूर्वाभ्यास 10 अगस्त से शुरू होगा। 13 अगस्त को फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की जाएगी। पहले दिन का अभ्यास पुलिस लाइन में तथा शेष अभ्यास गोपाल मैदान में होंगे। परेड में आरएएफ, डीएपी (महिला एवं पुरुष), होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड तथा सीआरपीएफ की टुकड़ियां शामिल होंगी।
मुख्य समारोह स्थल की तैयारियों की जिम्मेदारी जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) को सौंपी गई है, जो एनडीसी और जुस्को के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करेगी। जुस्को को मैदान की साफ-सफाई एवं रखरखाव का दायित्व दिया गया है। साथ ही यातायात व्यवस्था, अग्निशमन वाहन, एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए गए।
जिला प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर 15 अगस्त को जिले में ड्राई डे घोषित करने की भी जानकारी दी।
बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, नगर आयुक्त जेएनएसी, अपर उपायुक्त, सिविल सर्जन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, डीएसपी ट्रैफिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं निजी कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
















