बादामपहाड़-पुरी ट्रेन के ठहराव की मांग पर झामुमो का हल्दीपोखर में जोरदार प्रदर्शन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur: टाटानगर-बादामपहाड़ रेलखंड पर शुरू होने जा रही नई बादामपहाड़-पुरी रेल सेवा के हल्दीपोखर और सिदिरसाई स्टेशन पर ठहराव की मांग को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने मंगलवार को हल्दीपोखर में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। झामुमो पोटका प्रखंड समिति के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने रेलवे प्रशासन से दोनों स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की।

धरना को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पोटका विधायक संजीव सरदार ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा बादामपहाड़ और पुरी के बीच नई रेल सेवा शुरू करने का निर्णय स्वागतयोग्य है, लेकिन हल्दीपोखर और सिदिरसाई में ट्रेन का ठहराव नहीं देना क्षेत्र की जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि रेल सेवा का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब रेलखंड से जुड़े स्थानीय लोगों को भी इसका फायदा पहुंचेगा।


विधायक ने कहा कि हल्दीपोखर, सिदिरसाई और आसपास के क्षेत्रों में करीब तीन लाख की आबादी निवास करती है। यहां के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा, शिक्षा और भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए नियमित रूप से पुरी जाना पड़ता है। ऐसे में नई रेल सेवा से लोगों को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन स्थानीय स्टेशनों पर ठहराव नहीं मिलने से जनता निराश है।

उन्होंने कहा कि यह केवल ट्रेन के ठहराव का मामला नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता की सुविधा और अधिकार से जुड़ा सवाल है। झामुमो इस मांग को स्थानीय स्तर से लेकर दिल्ली तक उठाएगा। विधायक ने चेतावनी दी कि यदि दोनों स्टेशनों पर ठहराव सुनिश्चित नहीं किया गया तो पार्टी आंदोलन को और तेज करने के साथ उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।


संजीव सरदार ने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ नेता रेलवे स्टेशन पर प्रदूषण के मुद्दे को लेकर आंदोलन कर जनता के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे केंद्र सरकार के अधीन है और केंद्र में भाजपा की सरकार है। क्षेत्र के सांसद भी भाजपा से हैं। ऐसे में भाजपा नेताओं को केवल आश्वासन देने के बजाय रेलवे में ठहराव जैसे बुनियादी मुद्दों पर ठोस पहल करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि झामुमो हमेशा जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ता रहा है। हल्दीपोखर में आयोजित प्रदर्शन के माध्यम से स्थानीय लोगों की मांग रेलवे तक पहुंचाई जा रही है। जनता की मांग जायज है और इसे पूरा कराना पार्टी की जिम्मेदारी है।

धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और झामुमो कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। सभी ने रेल मंत्री से हल्दीपोखर और सिदिरसाई स्टेशन पर बादामपहाड़-पुरी रेल सेवा के ठहराव की मांग की। इस दौरान झामुमो नेता सुनील महतो, बबलू चौधरी, पूर्व पार्षद हीरामनी मुर्मू, चंद्रावती महतो, मुखिया बाघराय सोरेन, मुखिया कार्तिक मुर्मू, पंचायत समिति सदस्य दुखु मार्डी, प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन, उपमुखिया ओमप्रकाश गुप्ता, विद्यसागर दास, हितेश भगत, भुवनेश्वर सरदार, चक्रधर महतो, भूपति महतो और जिकरुल होदा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.