Guwa : मेघाहातुबुरु स्थित सेल (SAIL) के मेंटेनेंस सिविल ऑफिस में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार देर रात अज्ञात चोरों ने कार्यालय परिसर के तीन स्टोर रूम का ताला तोड़कर करीब 30 हजार रुपये मूल्य के उपकरणों की चोरी कर ली। घटना के बाद कर्मचारियों, ठेकेदारों और स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार चोरी गए सामानों में वेल्डिंग मशीन, कटर एवं ग्राइंडिंग मशीन, कॉपर केबल, दो एक्सटेंशन बोर्ड, चार पुराने पंखे समेत अन्य उपयोगी उपकरण शामिल हैं। शनिवार सुबह जब कर्मचारी कार्यालय पहुंचे तो स्टोर रूम के टूटे हुए ताले देखकर चोरी की जानकारी मिली।
सेल के ठेकेदार बोरेन और शिबू सरकार ने बताया कि 12 जून को ही नई वेल्डिंग मशीन सहित अन्य जरूरी उपकरण स्टोर रूम में रखे गए थे। रात के अंधेरे का फायदा उठाकर चोरों ने ताला तोड़ दिया और कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मेंटेनेंस सिविल ऑफिस में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी यहां छह से सात बार चोरी की वारदात हो चुकी है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने आरोप लगाया कि परिसर में पर्याप्त सुरक्षा कर्मियों और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था नहीं होने के कारण चोर बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
इसी बीच एक दिन पहले ठेकेदार कॉलोनी में ठेकेदार डी.के. सिंह के घर से मोबाइल चोरी की घटना भी सामने आई थी। बताया जाता है कि एक नाबालिग ने मोबाइल चुरा लिया था, लेकिन स्थानीय दुकानदार की सतर्कता के कारण मोबाइल बरामद कर उसके असली मालिक को वापस सौंप दिया गया।
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों, कर्मचारियों और ठेकेदारों ने प्रशासन से चोर गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने तथा बेसहारा बच्चों के पुनर्वास के लिए प्रभावी सामाजिक एवं प्रशासनिक पहल करने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत नहीं किया गया तो क्षेत्र में चोरी की घटनाएं और बढ़ सकती हैं, जिससे आम लोगों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों दोनों को नुकसान उठाना पड़ सकता है।








