टाटानगर रेल सिविल डिफेंस का नशामुक्ति अभियान, रेलकर्मियों को सीपीआर और अग्निशमन का दिया प्रशिक्षण

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : टाटानगर रेल सिविल डिफेंस द्वारा आदित्यपुर रेलवे स्टेशन स्थित कैरेज एंड वैगन विभाग की सिक लाइन में नशामुक्ति जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान रेलकर्मियों, ठेका मजदूरों एवं अन्य कर्मचारियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए हैंडबिल वितरित किए गए। साथ ही अग्नि सुरक्षा, सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) और डूबने की स्थिति में प्राथमिक उपचार की जानकारी भी दी गई।

अभियान के तहत सिविल डिफेंस के सदस्यों ने सिक लाइन में कार्यरत कर्मचारियों को तंबाकू, सिगरेट, गुटखा और पान मसाला के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के बारे में विस्तार से बताया। जागरूकता के लिए पंपलेट वितरित कर नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर रेल सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने कहा कि तंबाकू, गुटखा और पान मसाला स्वस्थ जीवन के सबसे बड़े दुश्मन हैं। इनके सेवन से शरीर के विभिन्न अंग धीरे-धीरे प्रभावित होते हैं और गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने उपस्थित लोगों से नशामुक्त जीवन अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।

कार्यक्रम के दूसरे चरण में कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन और जीवनरक्षक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। सिविल डिफेंस की टीम ने सीपीआर देने की सही विधि, नदी या तालाब में डूबने वाले व्यक्ति को प्राथमिक उपचार प्रदान करने के तरीके तथा फायर एक्सटिंग्विशर के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी। इसके साथ ही आग लगने की स्थिति में फायर एक्सटिंग्विशर के उपयोग का जीवंत प्रदर्शन भी किया गया।

कार्यक्रम में कैरेज एंड वैगन सिक लाइन के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता अंबुजा मंडल, सुमन कुमार, तकनीशियन, वेल्डर, स्टोरकीपर, ठेका कर्मी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। सिविल डिफेंस के डेमोंस्ट्रेटर शंकर कुमार प्रसाद तथा वालंटियर संजय कुमार और वीरेंद्र मंडल ने हैंडबिल वितरण एवं जागरूकता अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

आदित्यपुर के मंडल यांत्रिक अभियंता सिद्धांत वर्मा के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने सिविल डिफेंस टीम से अनुरोध किया कि रेलकर्मियों की सुरक्षा और जागरूकता को ध्यान में रखते हुए ऐसे आपदा प्रबंधन एवं जनजागरूकता कार्यक्रम प्रत्येक माह आयोजित किए जाएं।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें