मेधावी छात्र सम्मान समारोह में प्रतिभाओं का हुआ सम्मान, शिक्षा के महत्व पर दिया गया जोर

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Guwa : पान तांती कल्याण समाज, गुवा की ओर से रविवार देर शाम गुवा सेल क्लब में मेधावी छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मैट्रिक, इंटरमीडिएट एवं ओलंपियाड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नोवामुंडी भाग-एक की जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी उपस्थित थीं। वहीं विशिष्ट अतिथियों में पश्चिमी पंचायत की मुखिया पद्मिनी लागुरी, जेएसएलपीएस जेंडर सीआरपी गीता देवी, कोल्हान प्रमंडल केंद्रीय अध्यक्ष मोतीलाल दास, समाज के संयोजक अभिमन्यु पान, मोहम्मद सरफराज एवं दिव्याकांत जी शामिल थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि देवकी कुमारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता प्राप्त करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने छात्रों से मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण की भावना बनाए रखने का आह्वान किया।


कोल्हान प्रमंडल पान तांती समाज के जिला अध्यक्ष मोतीलाल दास ने कहा कि बच्चों की सफलता के पीछे अभिभावकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि माता-पिता को बच्चों की रुचि और क्षमता को समझते हुए उन्हें उसी दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना चाहिए, ताकि वे अपने जीवन के लक्ष्यों को प्राप्त कर सकें।

कार्यक्रम में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी विद्यार्थियों को शिक्षा, मेहनत और आत्मविश्वास के महत्व से अवगत कराया तथा उन्हें भविष्य के लिए प्रेरित किया।


समारोह के दौरान मैट्रिक, इंटरमीडिएट और ओलंपियाड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं सम्मान देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर छात्रों और उनके अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर पान तांती कल्याण समाज, गुवा के अध्यक्ष शंकर दास, शिक्षक नीमचंद महतो, सुखदेव प्रधान, विश्वजीत तांती, नरेश दास, मित्रों दास, पद्मिनी होरो, गीता पड़िया, ममता देवी, पदमा केसरी सहित समाज के अनेक सदस्य एवं अभिभावक उपस्थित थे।

समारोह ने न केवल मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया, बल्कि शिक्षा के प्रति समाज की प्रतिबद्धता और युवा पीढ़ी को आगे बढ़ाने के संकल्प को भी मजबूत किया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें