Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले में वन क्षेत्र पदाधिकारियों (रेंजरों) के रिक्त पदों पर तत्काल नियुक्ति की मांग को लेकर प्राकृतिक रक्षक संस्था ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र भेजा है। संस्था के महासचिव हेमंत वर्मा ने पत्र के माध्यम से कहा है कि कई महीनों से रेंजरों के पद खाली रहने के कारण वन एवं पर्यावरण की सुरक्षा प्रभावित हो रही है।
संस्था ने आरोप लगाया है कि अधिकारियों की कमी का फायदा उठाकर वन एवं भूमि माफिया अवैध कटाई, वन संपदा की लूट और वन भूमि पर अतिक्रमण जैसी गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं। इससे जंगलों का दायरा घट रहा है, सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंच रहा है और पर्यावरण संतुलन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि रेंजरों की कमी के कारण ग्रामीण रैयतों और लकड़ी कारोबार से जुड़े व्यापारियों को भी विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
प्राकृतिक रक्षक संस्था ने मुख्यमंत्री से दोनों जिलों में वन क्षेत्र पदाधिकारियों के रिक्त पदों पर अविलंब नियुक्ति करने का आग्रह किया है। संस्था ने सुझाव दिया है कि यदि नई नियुक्ति में प्रशासनिक या तकनीकी अड़चन आती है, तो नियमों के तहत अनुभवी सेवानिवृत्त वन क्षेत्र पदाधिकारियों की निर्धारित अवधि के लिए सेवा ली जा सकती है।
पत्र की प्रतिलिपि वन एवं पर्यावरण विभाग के सचिव, प्रधान मुख्य वन संरक्षक तथा कोल्हान आयुक्त को भी भेजी गई है।
















