Adityapur : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला परिवहन कार्यालय द्वारा प्रखंडवार आयोजित किए जा रहे लर्नर लाइसेंस शिविरों के तहत मंगलवार को कुचाई प्रखंड के पंचायत भवन, मारांगहातु में विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके निकट ही लर्नर लाइसेंस की सुविधा उपलब्ध कराना तथा आवेदन प्रक्रिया को सरल और सुलभ बनाना है।
शिविर में अरुवां, बंदोलोहार, छोटा सेगोई, पोण्डाकाटा, तिलोपदा और मारांगहातु पंचायतों के उन अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिन्होंने पूर्व में ऑनलाइन स्लॉट बुक कराया था। इस दौरान अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन, ऑनलाइन आवेदन की जांच तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत लर्नर लाइसेंस परीक्षा आयोजित की गई।
जिला परिवहन कार्यालय के अनुसार शिविर के लिए 146 अभ्यर्थियों का स्लॉट निर्धारित था। इनमें से 96 अभ्यर्थी परीक्षा में सफल हुए, 13 अभ्यर्थी असफल रहे, जबकि 37 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा में सफल सभी अभ्यर्थियों को मौके पर ही लर्नर लाइसेंस उपलब्ध कराया गया।
शिविर के दौरान मोटर वाहन निरीक्षक के साथ कुचाई के प्रखंड विकास पदाधिकारी साधु चरण देवगम भी मौजूद रहे।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि प्रखंड स्तर पर आयोजित ऐसे शिविरों से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को परिवहन विभाग की सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने नागरिकों से परिवहन विभाग की ऑनलाइन सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन और स्लॉट बुकिंग करने की अपील की।
उन्होंने सभी वाहन चालकों से वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने और सड़क सुरक्षा के प्रति हमेशा सजग रहने की अपील की।
















