आदित्यपुर में बंद घर में भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख; आगजनी की आशंका

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गम्हरिया स्टेशन रोड स्थित साईं नगर रोड नंबर-5 में मंगलवार सुबह करीब पांच बजे एक बंद मकान में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था।

घर लौटे तो सामने था तबाही का मंजर

पीड़ित महादेव कुमार ने बताया कि वह पूरे परिवार के साथ किसी आवश्यक कार्य से घर से बाहर गए हुए थे। मंगलवार सुबह जब वे लौटे तो देखा कि घर के अंदर भीषण आग लगी हुई है और सारा सामान जल रहा है। यह दृश्य देखकर परिवार के लोग स्तब्ध रह गए।

उन्होंने बताया कि वर्षों की मेहनत से जुटाया गया फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान, कपड़े और महत्वपूर्ण दस्तावेज आग में पूरी तरह नष्ट हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

परिजनों ने जताई आगजनी की आशंका

परिवार ने आग लगने के पीछे शरारती तत्वों का हाथ होने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि घर पूरी तरह बंद था और प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट की संभावना नहीं दिख रही है। ऐसे में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जानबूझकर आग लगाने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू

स्थानीय लोगों की सूचना पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक घर के भीतर रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो चुका था।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना आदित्यपुर थाना पुलिस को दे दी गई है। पीड़ित परिवार मामले में लिखित शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहा है। वहीं, स्थानीय लोगों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान करने और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.