कुमारडुंगी में पेसा कानून पर मंथन, ग्रामसभा और पारंपरिक मुंडा व्यवस्था की भूमिका पर जोर

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Majhgaaw : मझगांव विधानसभा क्षेत्र के मझगांव, कुमारडुंगी एवं मंझारी प्रखंड के ग्रामीण मुंडाओं के साथ सोमवार को कुमारडुंगी स्थित डाक बंगला में पेसा कानून को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिला चेयरमैन सह मझगांव विधानसभा पेसा पर्यवेक्षक रितेश कुमार तामसोय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सह झारखंड कांग्रेस के सह-प्रभारी भूपेन्द्र मरावी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह जगन्नाथपुर विधायक एवं सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु भी विशेष रूप से शामिल हुए।

बैठक में अनुसूचित क्षेत्रों में पंचायत उपबंध (अनुसूचित क्षेत्रों पर विस्तार) अधिनियम यानी पेसा कानून के प्रावधानों, पारंपरिक ग्रामसभा व्यवस्था, ग्रामीण मुंडाओं की भूमिका और आदिवासी समाज के परंपरागत अधिकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

ग्रामसभा के अधिकारों के प्रति जागरूकता जरूरी: भूपेन्द्र मरावी

बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सह झारखंड कांग्रेस के सह-प्रभारी भूपेन्द्र मरावी ने कहा कि आदिवासी बहुल क्षेत्रों में ग्रामसभा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जल, जंगल, जमीन, पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था और सामुदायिक संसाधनों से जुड़े अधिकारों के संरक्षण में ग्रामसभा की सहभागिता आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि पेसा कानून के प्रावधानों की जानकारी ग्रामीण स्तर तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि स्थानीय समुदाय अपने वैधानिक अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक हो सकें।

पारंपरिक मानकी-मुंडा व्यवस्था के समन्वय पर जोर

कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह विधायक सोनाराम सिंकु ने कहा कि कोल्हान की पारंपरिक मानकी-मुंडा व्यवस्था का ऐतिहासिक और सामाजिक महत्व रहा है। ग्रामीण मुंडा गांवों की पारंपरिक व्यवस्था तथा सामाजिक समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने पेसा कानून के प्रावधानों और पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था के बीच समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ ग्रामीण स्तर पर जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।

बैठक में तीनों प्रखंडों से पहुंचे ग्रामीण मुंडाओं के साथ स्थानीय स्वशासन, ग्रामसभा की भूमिका और पेसा कानून के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।

ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर मानकी-मुंडा संघ के अध्यक्ष गणेश पाट पिंगुवा, कांग्रेस प्रदेश महासचिव (संगठन) सुनीत शर्मा, जिला प्रभारी धर्मेन्द्र सोनकर, प्रदेश सचिव मायाधर बेहरा, आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक दीनबंधु बोयपाई, आरजीपीआरएस के राज्य संयोजक सुभाष नाग, पूर्व जिलाध्यक्ष सन्नी सिंकु, प्रखंड अध्यक्ष सुखलाल हेमब्रम, वरिष्ठ कांग्रेसी कैरा बिरुवा, शैली शैलेन्द्र सिंकु, बीरबल बागे, युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष त्रिलोक हेमब्रम, प्रखंड अध्यक्ष दुलन तामसोय, परमेश्वर तामसोय और गंगाराम हेमब्रम सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें