Adityapur : कुलुपतंगा बस्ती में हर घर नल-जल योजना के क्रियान्वयन में कथित अनियमितताओं और जलापूर्ति की समस्या को लेकर गुरुवार को SUCI(C) आदित्यपुर-2 लोकल कमेटी की कुलुपतंगा यूनिट के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। दोपहर 12 बजे ग्रामीण बैंक के पास डीएवी एनआईटी रोड स्थित जिंदल कार्यालय के बाहर आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन कार्यालय प्रबंधन को सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान जिंदल के वरीय पदाधिकारी पीयूष सिन्हा से दूरभाष पर बातचीत हुई। उन्होंने अपनी अनुपस्थिति की जानकारी देते हुए कर्मचारियों को प्रदर्शनकारियों की मांगों पर ध्यान देने का निर्देश दिया। इसके बाद उपस्थित पदाधिकारी संजीव को ज्ञापन सौंपा गया। प्रबंधन की ओर से बस्ती में टीम भेजकर समस्याओं का निरीक्षण करने का आश्वासन दिया गया।
प्रदर्शनकारियों के अनुसार, दोपहर करीब एक बजे प्लंबर, इंजीनियर और अन्य पदाधिकारियों की टीम कुलुपतंगा बस्ती पहुंची। टीम अपने साथ क्षेत्र का नक्शा लेकर आई थी। ज्ञापन में उल्लेखित स्थानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान लीकेज वाली पाइपलाइनों की जांच कर पानी के रिसाव को रोकने और पाइप दुरुस्त करने की कार्रवाई की गई।
निरीक्षण के दौरान टीम ने स्थानीय लोगों को बताया कि नगर निगम के दिशा-निर्देशों के अनुसार होल्डिंग टैक्स से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने वाले लोगों को कनेक्शन दिया जाएगा। जिन लोगों ने पहले से कनेक्शन लिया है, लेकिन उनके घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है, वहां कुछ दिनों के भीतर जलापूर्ति शुरू करने का आश्वासन दिया गया।
जिन परिवारों को अब तक कनेक्शन नहीं मिला है, उन्हें होल्डिंग से संबंधित दस्तावेज और आधार कार्ड के साथ कार्यालय में आवेदन जमा करने को कहा गया। टीम ने यह भी स्पष्ट किया कि नए कनेक्शन नक्शे के आधार पर दिए जा सकेंगे। किसी विशेष मामले में संबंधित लोगों को नगर निगम कार्यालय से संपर्क करने की सलाह दी गई।
टीम ने बस्तीवासियों से अपील की कि पाइपलाइन से पानी बहने की स्थिति में तत्काल नल लगाकर पानी की बर्बादी रोकें। यदि स्थानीय स्तर पर ऐसा करना संभव नहीं हो, तो इसकी सूचना जिंदल कार्यालय को दें, ताकि संबंधित पाइपलाइन की मरम्मत कराई जा सके।
प्रदर्शनकारियों के अनुसार, टीम ने आश्वासन दिया कि दुर्गा पूजा के बाद संबंधित कार्य शुरू कराया जाएगा। अब स्थानीय लोगों को लंबित कनेक्शनों और नियमित जलापूर्ति की समस्या के समाधान का इंतजार है।
प्रदर्शन को सफल बनाने में सुषमा, सरस्वती, अनुज लायक, महावीर मुंडारी, जितेंद्र सिंह, संतोष कुमार मोतीनगर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं और अन्य लोगों ने योगदान दिया। कार्यक्रम का नेतृत्व SUCI(C) आदित्यपुर-2 लोकल कमेटी की कुलुपतंगा यूनिट ने किया। कमेटी के प्रभारी कॉमरेड देवा मुखी ने जलापूर्ति से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
















