Jamshedpur : गोलमुरी क्षेत्र में अनियमित जलापूर्ति की समस्या को लेकर भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी दिनेश कुमार के नेतृत्व में पार्टी नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने टाटा स्टील यूटिलिटीज सर्विसेज लिमिटेड (TSUISL), पूर्व में जुस्को, के वाटर टावर विभाग के प्रमुख साकेत मित्रा से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में नियमित और निर्धारित समय पर जलापूर्ति सुनिश्चित करने के साथ आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान प्रतिदिन तीन समय पानी उपलब्ध कराने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को बताया कि गोलमुरी बाजार, विश्वकर्मा लाइन, गढ़हाबासा, टुइलाडुंगरी, विजय नगर, रामदेव बगान, बजरंगनगर, सरस्वती नगर, आनंद नगर, कैबुल बस्ती और नामदा बस्ती सहित आसपास के कई इलाकों में जलापूर्ति का कोई निश्चित समय नहीं है। कभी सुबह तो कभी देर रात पानी आने के कारण स्थानीय निवासियों, महिलाओं, नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और बुजुर्गों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों के दौरान पानी की आवश्यकता बढ़ जाती है। पूजा पंडालों एवं घरों की साफ-सफाई, भोग-प्रसाद तैयार करने, दीपावली की तैयारियों और छठ महापर्व के अनुष्ठानों के लिए पर्याप्त पानी जरूरी है। ऐसे में अनियमित जलापूर्ति से आम लोगों के साथ पूजा समितियों को भी परेशानी हो सकती है।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि गोलमुरी के सभी प्रभावित इलाकों में प्रतिदिन सुबह, दोपहर और शाम निर्धारित समय पर पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, त्योहारों के दौरान निर्बाध जलापूर्ति के लिए विशेष व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को पानी की किल्लत का सामना नहीं करना पड़े।
भाजपा जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने कहा कि जलापूर्ति आम जनता की बुनियादी आवश्यकता है। गोलमुरी में पानी आने का समय निश्चित नहीं होने से लोगों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान पानी की जरूरत और बढ़ जाती है। ऐसे में प्रबंधन को समस्या की गंभीरता समझते हुए प्रतिदिन तीन समय नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि लोग अपने त्योहार श्रद्धा और सुविधा के साथ मना सकें।
वहीं, भाजपा गोलमुरी मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय ने कहा कि क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में अनियमित जलापूर्ति से स्थानीय लोग परेशान हैं। दुर्गा पूजा में भोग तैयार करने, दीपावली पर घरों की साफ-सफाई और छठ पूजा की तैयारियों के लिए पर्याप्त पानी आवश्यक है। उन्होंने प्रबंधन से सुबह, दोपहर और शाम पानी उपलब्ध कराने के साथ जलापूर्ति का समय निर्धारित करने का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि संबंधित प्रबंधन जनहित को प्राथमिकता देते हुए जलापूर्ति की समस्या के समाधान के लिए शीघ्र सकारात्मक कदम उठाएगा। इससे गोलमुरी क्षेत्र के नागरिक आगामी त्योहारों को बिना किसी परेशानी के मना सकेंगे।
ज्ञापन देने वालों में भाजपा महामंत्री अशोक समंता, अमिश अग्रवाल, मुकेश चौधरी, श्रीनू राव, बी. श्रीनिवास राव, राकेश गिरी, समरेश कुमार, लक्ष्मण बेहरा, अमरेंद्र कुमार और राजेश कुमार सहित अन्य लोग शामिल थे।
















