कांडेनाला पुलिया के पास तेज रफ्तार का कहर, तार लदा लाइन ट्रक सड़क पर पलटा, चालक घायल

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Gua  : बड़ाजामदा ओपी क्षेत्र के कांडेनाला पुलिया के पास गुरुवार को तेज रफ्तार के कारण तार लदा एक लाइन ट्रक अनियंत्रित होकर मुख्य सड़क पर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक अनिल कुमार घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंची बड़ाजामदा ओपी पुलिस ने चालक को ड्राइविंग सीट से बाहर निकाला और इलाज के लिए नोवामुंडी अस्पताल पहुंचाया। चालक के चेहरे पर गंभीर चोट लगी थी, जिसके कारण उपचार के दौरान तीन टांके लगाने पड़े।

प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस चालक को दोबारा घटनास्थल पर लेकर पहुंची। हादसे के कारण ट्रक में लदे तार और टायर सड़क पर बिखर गए, जिससे यातायात बाधित हो गया। इसके बाद पुलिस ने जेसीबी मशीन मंगवाकर सड़क पर गिरे सामान को हटवाया। रास्ता साफ होने के बाद छोटी गाड़ियों का परिचालन शुरू कराया गया।

बड़बिल से नोवामुंडी जा रहा था ट्रक

पुलिस के अनुसार, लाइन ट्रक ओडिशा के बड़बिल से बड़ाजामदा होते हुए तार लेकर नोवामुंडी की ओर जा रहा था। इसी दौरान कांडेनाला पुलिया के पास तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक मुख्य सड़क पर पलट गया।



घटना के बाद बड़ाजामदा ओपी पुलिस ने मोबाइल फोन के माध्यम से ट्रक मालिक से संपर्क किया और उसे घटनास्थल पर बुलाया। पुलिस ने मामले में सनहा दर्ज कर लिया है। दुर्घटना के कारणों और आगे की कार्रवाई को लेकर पुलिस की प्रक्रिया जारी है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें