Adityapur : आदित्यपुर के कुलुपतांगा बस्ती में पेयजल संकट को लेकर स्थानीय महिलाओं का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। हर घर नल जल योजना के तहत पानी की आपूर्ति नहीं होने और पाइपलाइन बिछाने में अनियमितता के आरोपों के बीच महिलाओं ने आंदोलन का निर्णय लिया है। SUCI (कम्युनिस्ट) की आदित्यपुर-2 लोकल कमेटी के नेतृत्व में हुई बैठक में घोषणा की गई कि यदि 15 अक्टूबर से पहले बस्ती के प्रत्येक घर में पानी की व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की गई, तो महिलाएं 15 अक्टूबर 2026 को JWiL जिंदल कंपनी के कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन करेंगी।
रविवार को कुलुपतांगा बस्ती में आयोजित आम बैठक की अध्यक्षता SUCI (कम्युनिस्ट) आदित्यपुर-2 लोकल कमेटी के कुलुपतांगा सेल इंचार्ज कॉमरेड देवा मुखी ने की। बैठक में SUCI (C) झारखंड राज्य कमेटी की सदस्य कॉमरेड लिली दास भी मौजूद रहीं। बैठक के दौरान महिलाओं ने हर घर नल जल योजना के क्रियान्वयन में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को लेकर नाराजगी जताई।
बैठक में महिलाओं ने बताया कि बस्ती के सैकड़ों घरों में अब तक सप्लाई पानी का कनेक्शन नहीं दिया गया है। वहीं, जिन घरों में कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है, उनमें से करीब 40 घरों में पिछले कई महीनों से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। महिलाओं का आरोप है कि बस्ती की कई गलियों में JWiL जिंदल कंपनी की ओर से अब तक पाइपलाइन भी नहीं बिछाई गई है, जिससे लोगों को पेयजल के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि गरीब बस्तीवासियों से होल्डिंग टैक्स के कागजात मांगे जा रहे हैं और दस्तावेज नहीं होने पर पानी का कनेक्शन देने से इनकार किया जा रहा है। उनका कहना है कि इस तरह की शर्तों के कारण जरूरतमंद परिवार सरकारी योजना के लाभ से वंचित हो रहे हैं।
बैठक को संबोधित करते हुए कॉमरेड देवा मुखी ने कहा कि पानी कोई खैरात नहीं, बल्कि बस्तीवासियों का मौलिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और कंपनी की मिलीभगत के कारण गरीब परिवारों को पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस समस्या को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पानी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए आंदोलन किया जाएगा।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 15 अक्टूबर से पहले बस्ती के सभी घरों में पानी की व्यवस्था सुनिश्चित नहीं होने पर महिलाएं जिंदल कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन करेंगी। SUCI (कम्युनिस्ट) ने संबंधित अधिकारियों और कंपनी प्रबंधन से जल संकट का जल्द समाधान करने की मांग की है।
















