Jadugoda : जादूगोड़ा थाना क्षेत्र की डोमजूड़ी ग्राम पंचायत की ओर से रविवार को पंचायत भवन में पहली बार रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 64 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र में रक्त की कमी के कारण किसी जरूरतमंद की जान जाने से बचाना और लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना है।
शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि एवं ब्लड मैन के नाम से प्रसिद्ध डॉ. सुरेश कुमार सैनी, पूर्व सिविल सर्जन डॉ. एके लाल, उपभोक्ता न्यायालय की न्यायाधीश अल्पना मिश्रा, मुखिया अनीता मुर्मू, जिला परिषद सदस्य हिरण्यमय दास, उपमुखिया जय गोपाल दास तथा धालभूमगढ़ निवासी सपन महतो ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर मुखिया अनीता मुर्मू और जिला परिषद सदस्य हिरण्यमय दास ने कहा कि रक्तदान जीवन बचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। क्षेत्र में रक्त की कमी के कारण किसी की जान नहीं जानी चाहिए। इसी उद्देश्य से डोमजूड़ी पंचायत की ओर से पहली बार इस शिविर का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि यह केवल शुरुआत है। भविष्य में प्रत्येक तीन महीने पर रक्तदान शिविर आयोजित करने की योजना है, ताकि जरूरतमंद और गरीब परिवारों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
शिविर के मुख्य अतिथि डॉ. सुरेश कुमार सैनी विशेष आकर्षण रहे। हरियाणा से पोटका पहुंचे डॉ. सैनी अब तक 257 बार रक्तदान कर चुके हैं। रक्तदान के प्रति उनकी निरंतर प्रतिबद्धता ने उपस्थित लोगों को प्रेरित किया। वहीं, धालभूमगढ़ निवासी सपन महतो ने भी शिविर में रक्तदान किया। वह अब तक 90 बार रक्तदान कर चुके हैं। दोनों रक्तदाताओं ने अपने योगदान से लोगों को नियमित रक्तदान के लिए प्रोत्साहित किया।
रक्तदान शिविर को सफल बनाने में डोमजूड़ी ग्राम पंचायत की मुखिया अनीता मुर्मू, जिला परिषद सदस्य हिरण्यमय दास और उपमुखिया जय गोपाल दास के साथ विक्रम दास, जगदीस दास ओझा, राजेश कर्मकार, समर दास, अमित रौशन बारा, बलराम साह, सचिन महतो, गुलाबी मुर्मू, बसंती किस्कू, प्रतिमा दास, उर्मिला कर्मकार, सीता हासदा, अंजली मुर्मू और जालिम मार्डी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शिविर के माध्यम से पंचायत ने नियमित रक्तदान की दिशा में पहल करते हुए समाजसेवा और जनभागीदारी का संदेश दिया।
















