Saraikela : कुकड़ू स्थित मुंडा भवन में मंगलवार को वीर बिरसा महाविद्यालय डाटम प्रबंधन समिति के तत्वावधान में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) की मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करना था।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ईचागढ़ विधायक सविता महतो उपस्थित रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में कुकड़ू प्रखंड की बीडीओ राजश्री ललिता बाखला एवं क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. प्रीति मुंडा शामिल हुईं। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद मैट्रिक तथा इंटरमीडिएट के कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय में टॉप-3 स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं सम्मान देकर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में विधायक सविता महतो ने कहा कि आज के समय में बच्चों के लिए सफलता के अवसर केवल शिक्षा तक सीमित नहीं हैं। खेल, संगीत, कला, तकनीक और अन्य क्षेत्रों में भी युवाओं के लिए अपार संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों पर अनावश्यक शैक्षणिक दबाव न डालें, बल्कि उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे की अपनी अलग पहचान और प्रतिभा होती है, जिसे सही दिशा और अवसर मिलने पर वह बड़ी उपलब्धियों में बदल सकता है।
विशिष्ट अतिथि बीडीओ राजश्री ललिता बाखला ने विद्यार्थियों को जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने की सलाह देते हुए कहा कि निरंतर परिश्रम, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास सफलता की कुंजी हैं। वहीं क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. प्रीति मुंडा ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्रों को तनावमुक्त रहकर अपनी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में वीर बिरसा महाविद्यालय के प्राचार्य बंकेश्वर प्रसाद सिंह, तिरुलडीह थाना प्रभारी कौशल कुमार, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष इंद्रजीत महतो, वर्तमान अध्यक्ष कृतिवास महतो, सचिव युधिष्ठिर माझी, सह सचिव धीरज महतो, संजीव सिंह सरदार, डॉ. गुरुचरण महतो, सालबो सिंह सरदार, जवाहर मांझी, अजय सिंह मानकी, प्रेमचंद कुमार, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष विपतारण महतो, इंटर कॉलेज तिरुलडीह के प्राचार्य उपेन चंद्र महतो, सेवानिवृत्त शिक्षक लेड़ाराम महतो, छुटुलाल महतो, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि सुनील कुमार महतो, सह-संयोजक निरंजन प्रसाद महतो, गुणाधर महतो, प्रकाश महतो, गोपाल गोप सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।
समारोह के अंत में वक्ताओं ने शिक्षा के माध्यम से समाज के सर्वांगीण विकास पर बल देते हुए विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।

















