Saraikela : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के चुनाभट्ठा के समीप सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान आदित्यपुर-2 रायडीह बस्ती निवासी कन्हैया दास के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है और उन्होंने दोषी वाहन चालक की गिरफ्तारी, कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा उचित मुआवजे की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कन्हैया दास अपनी स्कूटी से दवा लेने के लिए निकला था। इसी दौरान चुनाभट्ठा के समीप पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर (संख्या JH05BG3553) ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। मंगलवार को मृतक के परिजन आदित्यपुर थाना पहुंचे और प्रशासन से न्याय की मांग की। परिजनों का कहना है कि परिवार ने अपना जवान बेटा खो दिया है, इसलिए दोषी चालक की अविलंब गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए।
परिजनों ने प्रशासन को दो घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई और मुआवजे की व्यवस्था नहीं की गई तो वे शव को मुख्य सड़क पर रखकर धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।
मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर में मौजूद एक मजदूर को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया था। उनका कहना है कि मजदूर से मिली जानकारी के आधार पर अब तक चालक की गिरफ्तारी हो जानी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में भारी वाहनों की बेलगाम आवाजाही पर भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि यातायात नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
फिलहाल आदित्यपुर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर और उसके चालक की तलाश कर रही है। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।








