Jamshedpur : झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता एवं पद्म भूषण सम्मानित दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की पुण्यतिथि के अवसर पर 4 अगस्त को आयोजित होने वाली जोहार यात्रा में सैकड़ों महिलाओं की भागीदारी होगी। यह जानकारी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की वरिष्ठ महिला नेत्री बाली मार्डी ने दी।
उन्होंने बताया कि जोहार यात्रा मानगो स्थित बाबा तिलका माझी चौक (डिमना चौक) से प्रारंभ होकर लगभग 80 किलोमीटर की यात्रा तय करते हुए चाकुलिया बिरसा मुंडा चौक तक जाएगी। उन्होंने पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में इस यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया।
बाली मार्डी ने बताया कि 8 अगस्त 2026 को झारखंड आंदोलन के शहीद निर्मल महतो की शहादत दिवस पर कदमा उलियान स्थित समाधि स्थल पर विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 15 अगस्त 2026 को झारखंड आंदोलनकारी नेता एवं राज्य के पूर्व शिक्षा मंत्री स्वर्गीय रामदास सोरेन की पुण्यतिथि पर घाटशिला में विशाल रैली एवं जनसभा आयोजित की जाएगी।
बाली मार्डी ने कहा कि इन सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए वे जमीनी स्तर पर जनसंपर्क अभियान चला रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव तथा चौक-चौराहों पर पार्टी के झंडे और बैनर लगाने तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
कार्यक्रम की तैयारियों में ज्योति दास, माला सोरेन, उर्मिला हो, अंजली कुजूर, अनीता मुर्मू, शोभा प्रमाणिक, आशा कुंभकार, निकिता देवी, उज्ज्वल दास, प्रणव महतो, मकसूद अंसारी, हैप्पी तंतुबाई, सूरज गौड़, मनोज सोरेन, अमित हो, कार्तिक उरांव, अजय पूर्ति और आकाश मुर्मू सहित कई कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

















