एईसीएस जादूगोड़ा में नामांकन में भेदभाव का आरोप, झामुमो ने आंदोलन की दी चेतावनी

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jadughoda : परमाणु ऊर्जा शिक्षा सोसायटी (मुंबई) द्वारा संचालित परमाणु ऊर्जा केंद्रीय विद्यालय (AECS) जादूगोड़ा +2 में इंटरमीडिएट नामांकन को लेकर अभिभावकों में नाराजगी देखने को मिल रही है। अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन पर विज्ञान संकाय में नामांकन के दौरान भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया है।

इसी मुद्दे पर रविवार देर शाम झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नेता बाघराय मार्डी की अध्यक्षता में माटीगोंडा स्थित झामुमो कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभिभावकों ने आरोप लगाया कि अधिक अंक प्राप्त करने वाले कई विद्यार्थियों को विज्ञान संकाय में नामांकन से वंचित रखा गया, जबकि अपेक्षाकृत कम अंक पाने वाले छात्रों को विज्ञान विषय में प्रवेश दिया गया।

बैठक में मौजूद अभिभावकों ने इस कथित विसंगति पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए विद्यालय प्रबंधन से पारदर्शी एवं निष्पक्ष नामांकन प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।

झामुमो नेता बाघराय मार्डी ने कहा कि उनके समक्ष इस प्रकार का मामला पहली बार आया है, जिसमें अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विज्ञान संकाय में प्रवेश से वंचित किए जाने की शिकायत मिली है। उन्होंने कहा कि यदि विद्यालय प्रबंधन इस मामले का गंभीरता से संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई नहीं करता है, तो स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जोरदार लोकतांत्रिक आंदोलन चलाया जाएगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें