Jadugoda : झारखंड साहित्य संस्कृति परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को कोवाली में शिक्षाविद एवं साहित्यकार आशुतोष मंडल के आवास पर परिषद के अध्यक्ष भवतारण मंडल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में परिषद के वार्षिक उत्सव, सम्मान समारोह, साहित्यिक गतिविधियों एवं बहुभाषी साहित्यिक पत्रिका ‘झारखंड प्रभा’ के 18वें अंक के विमोचन सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए।
बैठक की शुरुआत ‘झारखंड प्रभा’ के संपादक सुनील कुमार दे द्वारा अतिथियों एवं सदस्यों के स्वागत से हुई। अध्यक्ष भवतारण मंडल ने परिषद की गतिविधियों, उद्देश्यों और साहित्य एवं संस्कृति के संरक्षण में उसकी भूमिका पर प्रकाश डाला।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 11 अक्टूबर 2026 को माताजी आश्रम, हाता में परिषद का वार्षिक उत्सव दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहले चरण में बहुभाषी साहित्यिक पत्रिका ‘झारखंड प्रभा’ के 18वें अंक का विमोचन, साहित्यिक समीक्षा, सम्मान समारोह एवं पुरस्कार वितरण होगा। वहीं दूसरे चरण में सामूहिक मध्याह्न भोज के बाद बहुभाषी कवि सम्मेलन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
परिषद ने इस वर्ष टांगराईन उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविंद तिवारी को आदर्श शिक्षक, बांग्ला एवं हिंदी के प्रख्यात साहित्यकार करुणामय मंडल (शांकरदा) को साहित्यकार तथा चालियामा निवासी तबला वादक तपन मंडल को कलाकार के रूप में स्वर्गीय नित्यानंद मंडल स्मृति पुरस्कार से सम्मानित करने का निर्णय लिया। यह सम्मान उनके पुत्र आशीष कुमार मंडल के हाथों प्रदान किया जाएगा।
इसके अलावा क्षेत्र के वरिष्ठ शिक्षाविद एवं लेखक रघुनंदन बनर्जी को परिषद की ओर से विशिष्ट सम्मान प्रदान किया जाएगा। वहीं विकास एजुकेशन चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से साहित्य प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतियोगिता के अंतिम चरण की परीक्षा 2 अगस्त 2026 को सुबह 9 बजे माताजी आश्रम, हाता में आयोजित होगी, जिसमें प्रथम चरण में चयनित छात्र-छात्राएं भाग लेंगे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि ‘झारखंड प्रभा’ के आगामी अंक के लिए मौलिक रचनाएं एवं विज्ञापन 15 अगस्त 2026 तक आमंत्रित किए जाएंगे।
बैठक के उपरांत बहुभाषी कवि गोष्ठी का आयोजन हुआ, जिसमें विभिन्न कवियों ने अपनी स्वरचित रचनाओं का पाठ कर साहित्यिक वातावरण को समृद्ध किया। धन्यवाद ज्ञापन आशुतोष मंडल ने किया, जबकि मंच संचालन राजकुमार साहू ने किया। परिषद की अगली बैठक 23 अगस्त 2026 को आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में सुनील कुमार दे, बलराम गोप, आशुतोष मंडल, जय हरि सिंह मुंडा, राजकुमार साहू, आशीष मंडल, विकास कुमार भगत, स्वपन मंडल, कृष्ण पद मंडल, देव रंजन मंडल, पीयूष कुमार मंडल, उज्ज्वल कुमार मंडल, जन्मेजय सरदार, भवतारण मंडल सहित परिषद के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
















