बीएएमएस के विरोध में झामसंसं का आंदोलन, 15 जून से अनिश्चितकालीन चक्का जाम की चेतावनी

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Guwa : गुवा सेल अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार तथा खदानों में लागू किए जा रहे बायोमेट्रिक अटेंडेंस मैनेजमेंट सिस्टम (बीएएमएस) के विरोध में झारखंड मजदूर संघर्ष संघ (झामसंसं) यूनियन ने सोमवार शाम आंदोलन किया। शाम 5 बजे से शुरू हुआ आंदोलन लगभग एक घंटे तक चला, जिसके बाद यूनियन प्रतिनिधिमंडल ने गुवा सेल के सीजीएम चंद्रभूषण कुमार से मुलाकात कर विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने कहा कि बीएएमएस से जुड़ा मामला सीजीआईटी-1 धनबाद में वाद संख्या 29/2025 के तहत विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विवाद की सुनवाई के दौरान सेवा शर्तों में बदलाव करना नियमों के विरुद्ध है। बीएएमएस वर्तमान मैनुअल उपस्थिति प्रणाली का स्थान लेगा, इसलिए इसे लागू करने से पहले प्रमाणित स्थायी आदेशों में संशोधन तथा सक्षम प्राधिकारी से स्वीकृति आवश्यक है।



उन्होंने आरोप लगाया कि बिना वैधानिक प्रक्रिया पूरी किए बीएएमएस लागू करना औद्योगिक रोजगार (स्थायी आदेश) अधिनियम, 1946 के प्रावधानों का उल्लंघन होगा। यूनियन ने मांग की कि मामले में अंतिम न्यायिक निर्णय आने तक वर्तमान उपस्थिति व्यवस्था को यथावत रखा जाए।

बैठक के दौरान गुवा सेल अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी चर्चा हुई। यूनियन द्वारा उठाई गई कई मांगों पर प्रबंधन ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए नया एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराने, बोलानी से विशेषज्ञ चिकित्सकों की व्यवस्था करने तथा नई एंबुलेंस की उपलब्धता के लिए प्रस्ताव तैयार करने की जानकारी दी।



हालांकि, बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली को लेकर दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी। इस पर यूनियन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 15 जून से बीएएमएस लागू किया गया तो उसी दिन से सेल की खदानों में अनिश्चितकालीन चक्का जाम आंदोलन शुरू किया जाएगा।

यूनियन नेताओं ने कहा कि मजदूरों के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी और आवश्यक हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें