पुनर्वास की मांग को लेकर गोकुल नगर के बस्तीवासियों का उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : मानगो नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत गोकुल नगर के सैकड़ों निवासियों ने शनिवार को जिला उपायुक्त कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि जब तक उनका पुनर्वास सुनिश्चित नहीं किया जाता, तब तक उनके घरों को न तोड़ा जाए।

प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित लोगों ने जिला उपायुक्त के वाहन को भी कुछ समय के लिए रोककर अपना विरोध प्रकट किया। प्रशासन द्वारा 350 घरों को तोड़े जाने का नोटिस दिए जाने के बाद से गोकुल नगर में असंतोष व्याप्त है।

बस्तीवासियों का कहना है कि वे पिछले 40 वर्षों से अधिक समय से गोकुल नगर में रह रहे हैं। अधिकांश परिवार दिहाड़ी मजदूरी कर अपनी आजीविका चला रहे हैं। ऐसे में बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के उनके आवासों को ध्वस्त करना अमानवीय और अन्यायपूर्ण है।

प्रदर्शन में शामिल महिलाओं और बुजुर्गों ने भी प्रशासन से पुनर्वास की मांग को लेकर गुहार लगाई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि प्रशासन ने पहले पुनर्वास की ठोस व्यवस्था की होती, तो वे स्वयं हटने को तैयार होते, लेकिन बिना किसी वैकल्पिक इंतजाम के सीधे घर तोड़ना उनके लिए सड़क पर लाने जैसा होगा।

उल्लेखनीय है कि विगत दिनों जिला प्रशासन ने गोकुल नगर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के तहत 350 घरों को हटाने का नोटिस जारी किया था। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें