हाथी हमले के बाद हाड़ात गांव पहुंचीं विधायक सविता महतो, पीड़ित परिवार को सहायता और मुआवजे का भरोसा

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Seraikela : ईचागढ़ प्रखंड के हाड़ात गांव में जंगली हाथियों के हमले में मां-बेटी की दर्दनाक मौत के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। मंगलवार को विधायक सविता महतो पीड़ित परिवार से मिलने गांव पहुंचीं और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया।

विधायक ने मृतका चाइना देवी के पति और घायल मोहनलाल महतो के माता-पिता से शिलदा में मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने घायलों के बेहतर इलाज के लिए समय-समय पर एंबुलेंस उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान घायलों को सूखा राशन और आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।


हाड़ात गांव स्थित मृतका के घर पहुंचकर विधायक ने चावल, चूड़ा, गुड़, बिस्कुट सहित अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई और श्राद्ध कर्म के लिए निजी स्तर पर आर्थिक सहयोग भी दिया।

गौरतलब है कि बीते शनिवार सुबह हाथियों के झुंड ने गांव में हमला कर कमल चंद महतो की पत्नी चाइना देवी और उनकी बेटी अमिता बाला को कुचलकर मार डाला था। इस घटना में मोहनलाल महतो और उनकी मां सांतुला देवी गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

विधायक सविता महतो ने बताया कि मृतका के 9 वर्षीय पुत्र अमित महतो का आवासीय विद्यालय में नामांकन कराया जाएगा, जिसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने वन विभाग को निर्देश दिया कि हाथियों द्वारा क्षतिग्रस्त घरों की जल्द मरम्मत कराई जाए और पीड़ित परिवार को शीघ्र उचित मुआवजा दिया जाए।

साथ ही उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी एकता वर्मा को बच्चे के पालन-पोषण से संबंधित सभी प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया। विधायक ने डीएफओ से फोन पर बात कर क्षेत्र में हाथियों के लगातार बढ़ते उत्पात को रोकने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

इस मौके पर बीडीओ एकता वर्मा, उप प्रमुख दीपक साहू, थाना प्रभारी बजरंग महतो, वनपाल मुकेश महतो, पंचायत प्रतिनिधि एवं कई ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.