Orange Alert Issued : पलामू में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, कई घरों में घुसा पानी, कोयल नदी उफान पर — ऑरेंज अलर्ट जारी

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Palamu / Ranchi : झारखंड के पलामू जिले में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। बीते 12 घंटे से लगातार बारिश के चलते चैनपुर समेत जिले के कई इलाकों में जलजमाव की गंभीर स्थिति बन गई है। कई घरों में पानी घुस गया है और सड़कों पर जलभराव से यातायात ठप है।

मौसम विभाग ने पलामू समेत रांची, गढ़वा, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, लातेहार और लोहरदगा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि उत्तर-मध्य भाग के लिए येलो अलर्ट प्रभावी है। इस दौरान तेज हवा, आंधी और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।

प्रशासन ने जारी की चेतावनी

पलामू प्रशासन ने लोगों से बुधवार को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है। कोयल नदी उफान पर है और जिले के निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। चैनपुर में हालत सबसे ज्यादा गंभीर है, जहां भारी जलजमाव के कारण कई मोहल्लों में लोग घरों में कैद हो गए हैं।

प्रशासन ने सभी थानों को सतर्क रहने और नदी, जलप्रपात तथा अन्य जलस्रोतों के आसपास निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

वज्रपात और तेज हवाओं का भी खतरा

मौसम विभाग ने बुधवार सुबह 8:30 बजे से गढ़वा, पाकुड़, गोड्डा, पलामू सहित अन्य जिलों में आंधी, बिजली गिरने और तेज बारिश की चेतावनी जारी की है।

कम दबाव का क्षेत्र बना कारण

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पूर्वी गांगेय बंगाल और बांग्लादेश के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब अवदाब में तब्दील हो गया है, जो कोलकाता से 70 किमी उत्तर-पूर्व और वर्दवान से लगभग 100 किमी पूर्व-दक्षिण-पूर्व में केंद्रित है। इसके अगले 24 घंटे में झारखंड के उत्तर-पश्चिमी भाग की ओर बढ़ने की संभावना है।

इस प्रणाली के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में भारी से अति भारी वर्षा की आशंका बनी हुई है। कोल्हान प्रमंडल के सभी जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें