हाता बस स्टैंड–मार्केट कॉम्प्लेक्स में खामियां उजागर, निरीक्षण के दौरान विधायक सख्त

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshadpur : पोटका के हाता बिरसा चौक स्थित निर्माणाधीन बस स्टैंड सह मार्केट कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण करते हुए स्थानीय विधायक संजीव सरदार ने कार्य की गुणवत्ता पर नाराजगी जताई। झारखंड सरकार के पंचायती राज विभाग की इस लगभग 4.50 करोड़ रुपये की योजना में कई खामियां सामने आने के बाद उन्होंने मौके पर ही सुधार के सख्त निर्देश दिए।

औचक निरीक्षण के दौरान विधायक ने निर्माण कार्य का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान पाया गया कि परियोजना के तहत बन रही 40 दुकानों का निर्माण अंतिम चरण में है और शटर लगाए जा रहे हैं, लेकिन कई जगह शटर लगाने में तकनीकी त्रुटियां पाई गईं। इस पर उन्होंने तत्काल सुधार सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण में यह भी सामने आया कि कॉम्प्लेक्स की छत के कुछ हिस्सों में पानी जमा होने की समस्या है, जो भविष्य में नुकसान का कारण बन सकती है। विधायक ने संबंधित संवेदक हरि ओम कंस्ट्रक्शन के प्रतिनिधि को इसे प्राथमिकता के आधार पर ठीक करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के बाद विधायक संजीव सरदार ने स्पष्ट कहा कि विकास योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि गुणवत्ता और समय सीमा दोनों का पालन अनिवार्य है।

उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में चल रही सभी विकास योजनाओं की नियमित निगरानी की जाएगी और जहां भी कमी मिलेगी, वहां तत्काल सुधार कराया जाएगा। निर्देशों की अनदेखी करने पर संबंधित एजेंसियों और जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.