गोइलकेरा में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध साल लकड़ी से भरा ट्रक जब्त, चालक गिरफ्तार

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Manoharpur : पश्चिम सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत संतरा वन प्रक्षेत्र में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध साल लकड़ी से लदे एक ट्रक को जब्त किया है। इस दौरान ट्रक चालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार, बीती रात गुप्त सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने गोइलकेरा के गोटांबा गांव के समीप करीब एक बजे संदिग्ध ट्रक को रोका। तलाशी के दौरान ट्रक में 44 पीस साल बोटा लकड़ी लदी पाई गई। जब चालक से वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।

इसके बाद वन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार चालक की पहचान बिहार निवासी कैलाश यादव के रूप में हुई है, जो ट्रक का मालिक भी बताया जा रहा है।

जब्त लकड़ी की अनुमानित कीमत 4 से 5 लाख रुपये आंकी गई है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि तस्कर गोइलकेरा और मनोहरपुर के बीच स्थित जंगलों से लकड़ी लोड कर बिहार भेजने की फिराक में थे।

वन विभाग ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध कटाई और तस्करी के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.