घाटशिला में उपायुक्त का विकास कार्यों का निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्ध संचालन पर दिया जोर

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने गुरुवार को घाटशिला प्रखंड के विभिन्न विकास कार्यों और जनसुविधाओं का स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्ध संचालन और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने गालूडीह के उलदा स्थित नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC), गुड़ाझोर गांव के एमपीसी (MPC) भवन एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर, उत्तर पावड़ा स्थित मार्केट कॉम्प्लेक्स तथा चेंगजोड़ा गांव के माझी रामदास टुडू हेरिटेज विलेज का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी परिसंपत्तियों का नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने और अधूरे कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।

स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और आयुष्मान आरोग्य मंदिर में पर्याप्त चिकित्सकीय संसाधन, दवाओं और मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर बल दिया। वहीं, मार्केट कॉम्प्लेक्स के निरीक्षण के दौरान स्थानीय व्यवसायियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और परिसर के सुव्यवस्थित संचालन के निर्देश दिए।

हेरिटेज विलेज का निरीक्षण करते हुए उन्होंने पर्यटकों के लिए स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, साइनेज और सौंदर्यीकरण जैसी मूलभूत सुविधाओं को नियमित रूप से दुरुस्त रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिले के पर्यटन स्थलों को आकर्षक और सुविधायुक्त बनाकर स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देना प्रशासन की प्राथमिकता है।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिन विकास परियोजनाओं का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, उनका संचालन शीघ्र शुरू किया जाए ताकि आम जनता को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, घाटशिला के प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.