Potka : पोटका विधायक संजीव सरदार ने डुमरिया प्रखंड के भालुकपातड़ा मौजा में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित 30 बेड के अस्पताल भवन का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की तैयारियों का जायजा लिया।
विधायक ने अस्पताल के लिए एक शव वाहन उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया। वहीं अस्पताल परिसर में बिजली आपूर्ति को लेकर उन्होंने बताया कि करीब 9.5 लाख रुपये की लागत से बिजली आपूर्ति का कार्य लगभग पूरा होने को है। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने जानकारी दी कि अस्पताल परिसर तक बिजली आपूर्ति शुरू करने के साथ ट्रांसफॉर्मर तक भूमिगत केबल बिछाने का कार्य एक हफ्ते में पूरा कर लिया जाएगा।
इस दौरान विधायक संजीव सरदार ने कहा कि डुमरिया प्रखंड की 10 पंचायतों के हजारों लोगों को इस अस्पताल के शुरू होने से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर ही बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल को जल्द से जल्द पूरी तरह तैयार कर जनता को समर्पित करना उनकी प्राथमिकता है।
विधायक ने कहा कि मानसून सत्र समाप्त होने के बाद 15 अगस्त से पहले नए अस्पताल का विधिवत उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। अस्पताल के शुरू होने से डुमरिया क्षेत्र के हजारों लोगों को स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़ी राहत मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ निलेश कुमार मुर्मू, सीएचसी प्रभारी डॉ पाराव माझी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी मनीष बारी, मिर्ज़ा सोरेन, भगत बास्के आदि मौजूद थे.
















