टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन की टीम ने सफलतापूर्वक पूरा किया एवरेस्ट बेस कैंप ट्रेक

SHARE:

Jamshedpur : Tata Steel Adventure Foundation (टीएसएएफ) के एक मैनेजर और 10 प्रतिभागियों के समूह ने 31 मार्च से 11 अप्रैल 2026 तक विश्व प्रसिद्ध Everest Base Camp (EBC) ट्रेक को सफलतापूर्वक पूरा कर नया कीर्तिमान स्थापित किया।

इस अभियान का नेतृत्व टीएसएएफ के मैनेजर Anant Rana ने किया, जिन्होंने अपने अनुभव और नेतृत्व क्षमता से पूरे ट्रेक को प्रेरणादायक बना दिया। उन्होंने वर्ष 2022 में ट्विन पीक शिखर फतह किया था और दार्जिलिंग स्थित हिमालयन इंस्टीट्यूट से बेसिक माउंटेनियरिंग कोर्स भी पूरा किया है। हाल ही में उन्होंने न्यूजीलैंड में फुल आयरनमैन रेस भी पूरी की है।

टीम में 3 महिलाएं और 7 पुरुष शामिल थे, जिनकी आयु 28 से 58 वर्ष के बीच थी। खास बात यह रही कि 10 में से 9 प्रतिभागी टाटा स्टील के बाहर से थे, जिससे इस अभियान में व्यापक सहभागिता और समावेशिता देखने को मिली।

समूह ने करीब 17,598 फीट की ऊंचाई तक ट्रेक करते हुए सभी प्रतिभागियों के साथ एवरेस्ट बेस कैंप तक पहुंचने में सफलता हासिल की। इस दौरान टीम ने Dudh Koshi River के किनारे-किनारे यात्रा करते हुए Namche Bazaar और Tengboche जैसे प्रसिद्ध स्थानों से होकर गुजरते हुए शेरपा संस्कृति को करीब से जाना।

ट्रेक के दौरान टीम को माइनस 25 डिग्री सेल्सियस तापमान, तेज हवाओं, बर्फबारी और रोजाना लंबी पैदल यात्रा जैसी कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। बावजूद इसके सभी प्रतिभागियों ने साहस, धैर्य और टीमवर्क का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए इस चुनौतीपूर्ण यात्रा को सफल बनाया।

प्रतिभागियों में नेहा शाह, राजीव कुमार रुंगटा, मनीष भौका, प्रीति भौका, कुणाल सारंगी, शाहिल धनुका, सुमित्रा शाह, अनन्या लेपी, चेतन कुमार और प्रतीक सराओगी शामिल रहे।

प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए इसे जीवन का अविस्मरणीय क्षण बताया। कुणाल सारंगी ने कहा कि हिमालय की वादियों के बीच यह ट्रेक रोमांच और चुनौती का अद्भुत संगम रहा। वहीं अनन्या लेपी ने इसे एक लंबे समय से संजोया सपना बताया, जो टीएसएएफ के सहयोग और सुनियोजित तैयारी से साकार हुआ।

यह उपलब्धि न केवल प्रतिभागियों के साहस और संकल्प को दर्शाती है, बल्कि टीएसएएफ द्वारा साहसिक खेलों और एडवेंचर गतिविधियों को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को भी उजागर करती है।

Leave a Comment