जमशेदपुर के दया अस्पताल में अत्याधुनिक ICU का उद्घाटन, सस्ती इलाज सुविधा से मरीजों को बड़ी राहत

SHARE:

Jamshedpur : जमशेदपुर के मानगो स्थित गांधी मैदान के समीप दया अस्पताल में अत्याधुनिक आईसीयू (ICU) का भव्य उद्घाटन किया गया। इस नई सुविधा का उद्घाटन राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में अस्पताल प्रबंधन, डॉक्टरों एवं कई गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।

नव निर्मित आईसीयू आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और सुविधाओं से सुसज्जित है, जिससे गंभीर रूप से बीमार मरीजों को त्वरित एवं बेहतर इलाज मिल सकेगा। अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने इस सुविधा को क्षेत्र के लिए अत्यंत उपयोगी और जीवनरक्षक बताया।


उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए हिदायतुल्लाह खान ने कहा कि दया अस्पताल की यह पहल क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इस आईसीयू के शुरू होने से आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यम वर्ग के मरीजों को कम लागत में बेहतर इलाज उपलब्ध हो सकेगा।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार सामाजिक विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इस तरह की पहल समाज के लिए अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने यह भी कहा कि बड़े अस्पतालों में जहां इलाज महंगा होता है, वहीं अब इस सुविधा से स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी।

इस अवसर पर अस्पताल के संचालक मुमताज अहमद ने बताया कि उनका उद्देश्य मानगो और आसपास के लोगों को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि आईसीयू में प्रशिक्षित डॉक्टरों की टीम और अत्याधुनिक उपकरण मौजूद हैं, जिससे गंभीर मरीजों का समय पर उपचार सुनिश्चित किया जा सकेगा।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन किया गया और अस्पताल प्रबंधन को इस पहल के लिए बधाई दी गई।

Leave a Comment