किराया वृद्धि के खिलाफ व्यापारियों का विरोध, सोनारी बाजार में बैठक कर जताया आक्रोश

SHARE:

Jamshedpur : जमशेदपुर ऑल मार्केट एसोसिएशन के तत्वावधान में सोनारी संयुक्त बाजार समिति द्वारा कागल नगर बाजार में दुकानों के किराया वृद्धि के विरोध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष सुरेश गुप्ता ने की, जबकि संचालन शंकर प्रसाद ने किया।

बैठक में मुख्य रूप से जमशेदपुर ऑल मार्केट एसोसिएशन के महासचिव नसीम अंसारी, बृजेश गोहिल, अधिवक्ता संजय सिंह, दुर्गा दास साहू, निखिल कुमार, शमीम उर रहमान एवं धर्मेश अडेसरा उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान सभी दुकानदारों ने एक स्वर में किराया वृद्धि के खिलाफ एकजुटता दिखाते हुए संकल्प लिया कि एसोसिएशन द्वारा लिए गए हर निर्णय के साथ वे कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे। साथ ही जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) की कार्यशैली पर भी नाराजगी जताई गई।

इस अवसर पर महासचिव नसीम अंसारी ने कहा कि बिना पूर्व सूचना के किराया वृद्धि करना असंवैधानिक है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब प्रशासन से पूछा जा रहा है कि किस नियम और आदेश के तहत यह निर्णय लिया गया, तो इसका स्पष्ट जवाब नहीं दिया जा रहा है। इससे यह प्रतीत होता है कि अधिकारियों का रवैया व्यापारियों के प्रति संवेदनशील नहीं है।

उन्होंने आगे कहा कि जल्द ही एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल जिला उपायुक्त से मुलाकात कर अपनी बात रखेगा। यदि वहां भी समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने सभी व्यापारियों से संघर्ष के लिए तैयार रहने की अपील की।

समिति के अध्यक्ष सुरेश गुप्ता ने भी आश्वस्त किया कि एसोसिएशन के आह्वान पर सभी व्यापारी एकजुट होकर सड़क पर उतरने के लिए तैयार हैं।

बैठक के अंत में “किराया वृद्धि वापस लो” और “व्यापारी एकता जिंदाबाद” के नारों के साथ विरोध जताया गया।

इस मौके पर संतोष गोरी, हेमंत राजा, सत्यनारायण अग्रवाल, कृष्ण सिंह, भारत बघेल, विक्की सिंह सहित बड़ी संख्या में दुकानदार उपस्थित रहे।

Leave a Comment