कुकड़ू के डाटम गांव में जंगली हाथियों का उत्पात, घर तोड़े, फसलें बर्बाद

SHARE:

Seraikela : कुकड़ू प्रखंड क्षेत्र के डाटम गांव में बीती रात जंगली हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। करीब सात हाथियों के समूह ने गांव में घुसकर कई घरों और फसलों को नुकसान पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, डाटम गांव निवासी मिहिर महतो के घर को हाथियों ने तोड़कर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं पास के चौड़ा गांव के टोला गोंगाडीह में जगन्नाथ सिंह मुंडा के घर को भी नुकसान पहुंचाया गया, जहां घर में रखे धान और आलू को हाथियों ने खा लिया।

इसके अलावा विश्वजीत सिंह मुंडा के खेत में लगी लौकी की फसल को भी हाथियों ने रौंदकर पूरी तरह बर्बाद कर दिया। घटना के बाद से ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों का झुंड देर रात गांव में घुसा और काफी देर तक उत्पात मचाने के बाद जंगल की ओर लौट गया।

घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षतिग्रस्त घरों और बर्बाद फसलों का जल्द से जल्द मुआवजा दिया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके।

Leave a Comment