BJP Controversy : सेना और तिरंगे के अपमान पर कांग्रेस का हमला, आनंद बिहारी दुबे बोले- भाजपा नेताओं की हरकत शर्मनाक

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं और मंत्रियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वे लगातार भारतीय सेना और राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा का अपमान कर रहे हैं। दुबे ने भाजपा शीर्ष नेतृत्व की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह न केवल शर्मनाक है बल्कि राष्ट्रीय अस्मिता पर सीधा प्रहार है।



दुबे ने कहा कि मध्य प्रदेश के एक मंत्री द्वारा महिला सैन्य अधिकारी पर की गई अभद्र टिप्पणी हो, या भाजपा की तिरंगा यात्रा के दौरान कई जगहों पर राष्ट्रीय ध्वज के साथ किया गया अनुचित व्यवहार — यह सब एक सुनियोजित सोच का हिस्सा लगता है। उन्होंने कहा, “राजस्थान में भाजपा विधायक द्वारा तिरंगे से अपना चेहरा और नाक पोंछने की घटना और अब मप्र के उपमुख्यमंत्री का बयान सेना का घोर अपमान है।”


दुबे ने कहा कि देश की जनता भारतीय सेना के शौर्य और तिरंगे के सम्मान में प्राण देने को तैयार है, लेकिन भाजपा नेताओं की ऐसी हरकतें राष्ट्र के गौरव के खिलाफ हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा नेतृत्व संगठित तरीके से सेना और तिरंगे का अपमान करवा रहा है?


जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के शीर्ष नेता इन मामलों में मौन हैं, जो दर्शाता है कि कहीं न कहीं इन घटनाओं को मौन स्वीकृति प्राप्त है। उन्होंने मांग की कि भाजपा को इन मामलों में सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए और दोषी नेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें