Chaibasa : पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा में गांव-गांव घूमकर मोबाइल चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का मुफ्फसिल पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के 7 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
सदर एसडीपीओ बहामन टूटी ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि एक बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक पिछले कुछ दिनों से संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त हैं। ये आरोपी रात के समय गांवों में घूमते हैं और घरों में सो रहे लोगों के बीच घुसकर मोबाइल चोरी कर लेते हैं, जिसे बाद में सस्ते दामों पर बेच दिया जाता है।
सूचना के सत्यापन के लिए विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गितिलिपी मोड़ के पास घेराबंदी कर बुलेट सवार तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन निषाद (बुलेट चालक), सुरेन्द्र सुण्डी और हिमांशु पिंगुवा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से 7 मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने दो दिन पूर्व झीकपानी थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर और इचापुर गांव में रात के समय घरों में घुसकर मोबाइल चोरी की थी।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अमन निषाद का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और वह हाल ही में 25 मार्च 2026 को जेल से छूटा था। वहीं हिमांशु पिंगुवा के खिलाफ भी पूर्व में आपराधिक मामले दर्ज हैं। तीनों ने पूछताछ में अपने अपराध में संलिप्तता स्वीकार कर ली है।
इस कार्रवाई में एसडीपीओ बहामन टूटी के नेतृत्व में मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार, नरहरि सिंह मुण्डा एवं रिजर्व गार्ड की टीम शामिल रही। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।











